मुजफ्फरपुर : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिले में प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ और चाक-चौबंद बनाने की दिशा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने शनिवार को बाजार समिति स्थित बज्रगृह एवं मतगणना केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।


इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने संपूर्ण व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि 6 नवंबर को मतदान समाप्ति के उपरांत सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों से पीठासीन पदाधिकारी ईवीएम एवं चुनाव सामग्री लेकर बाजार समिति परिसर स्थित बज्रगृह पहुंचेंगे।

इस दृष्टि से यातायात एवं सुरक्षा की सुदृढ़ एवं सुचारू व्यवस्था, वाहनों का सुगम प्रवेश एवं निकासी मार्ग पर निर्वाध व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा बज्रगृह पर पर्याप्त काउंटर एवं कर्मी की तैनाती ईवीएम की सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुचारू संग्रहण हेतु पूर्व तैयारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से बाजार समिति तक आने वाले मुख्य मार्गों को जाम से मुक्त रखा जाये तथा वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए एक सुव्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाय। जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक प्लान के अनुसार प्रमुख मार्गों पर ट्रॉली एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाय ताकि रूट मार्ग पर वाहनों के आवागमन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो।

इस दौरान उन्होंने डीसीपी ट्रैफिक, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं एसडीपीओ वन को संयुक्त रूप से यातायात नियंत्रण की प्रभावी मॉनिटरिंग करनै और किसी भी स्थिति में भीड़ या जाम की स्थिति नहीं बने, इसकी दुरूस्त व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने पुलिस उपाधीक्षक को चुनाव सामग्री एवं ईवीएम लाने वाले वाहनों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर संवेदनशील बिंदु पर पुलिस प्रतिनियुक्ति करने तथा निरंतर गश्ती की व्यवस्था रखने को कहा।



Leave a Reply