MUZAFFARPUR

बिहार में थमा बारिश का दौर, इस दिन दस्तक देगी कड़ाके की ठंड, जानिए मौसम विभाग का अलर्ट

बिहार: बिहार में अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और शाम की हवा में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, हालांकि दोपहर में धूप अभी भी तीखी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश से जल्द ही मानसून की विदाई होने वाली है।

गुरुवार को मौसम विभाग ने किसी भी जिले में बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया है। आने वाले एक हफ्ते तक राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि उमस से राहत फिलहाल नहीं मिलेगी।

10 अक्टूबर से तापमान में होगी गिरावट

मौसम विभाग की मानें तो, 10 अक्टूबर से राज्य के अधिकतर हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। वहीं, 11 अक्टूबर के बाद से पूरे बिहार में बारिश पूरी तरह खत्म हो जाएगी और मानसून की विदाई प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।

आईएमडी की रिपोर्ट बताती है कि बंगाल की खाड़ी की ओर से अब कोई निम्न दबाव क्षेत्र विकसित नहीं हो रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियां और कमजोर पड़ जाएंगी।

सुबह शाम महसूस हो रही हल्की ठंड 

मानसून के कमजोर होने के साथ ही उत्तर-पश्चिम से आने वाली शुष्क हवाएं अब बिहार के मौसम को प्रभावित करने लगी हैं। इसके कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि रात के तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की वृद्धि और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। दिन के समय उमस और हल्की गर्मी बनी रह सकती है।

पटना मे कैसा रहेगा मौसम 

राजधानी पटना में पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ है। सुबह और शाम की ठंडी हवा से मौसम सुहावना बना हुआ है। अगले एक हफ्ते तक शहर में बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। दोपहर में अब भी राजधानी के लोग गर्मी से परेशान रह रहे हैं।

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.