पटना : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जहां एक तरफ महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला अभी तक नहीं सुलझा है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने बड़ा निर्णय ले लिया है. कांग्रेस ने अपने 25 प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगा दी है. इसकी जानकारी कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सदस्य व किशनगंज के सांसद मोहम्मद जावेद ने दी है.

दिल्ली में कांग्रेस CEC की बैठक
दरअसल, दिल्ली में आज कांग्रेस की सीईसी की बैठक हुई. इसमें बिहार चुनाव के प्रत्याशियों पर स्क्रीनिंग की गई. बैठक से बाहर निकलकर बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि उम्मीदवारों पर गहन से चर्चा की गई. सभी सदस्यों ने खुलकर अपनी बात रखी.

कौन-कौन थे बैठक में शामिल?
सीईसी की बैठक की अध्यक्षता केसी वेणुगोपाल और अजय माकन कर रहे थे. सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए जुड़े हुए थे. बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ-साथ सीईसी के सदस्य बैठक में मौजूद थे.

अपने पुराने विधायकों पर कांग्रेस को भरोसा!
राजेश राम का कहना था ज्यादातर जीते हुए प्रत्याशियों को फिर से रिपीट किया जाएगा. हालांकि दो विधायकों पर मंथन करना जरूरी है. वैसे तो उन्होंने नाम नहीं बताया पर कहा जा रहा है कि एक नाम तो चेनारी से मुरारी गौतम और दूसरा नाम बिक्रम से सिद्धार्थ सिंह है.

मुरारी गौतम ने तो कांग्रेस की सदस्यता से भी आज इस्तीफा दे दिया. वैसे सिद्धार्थ सिंह भी पिछले कई महीनों से एनडीए खेमे में ही दिखाई पड़ रहे हैं. मतलब साफ है कि इन दोनों का पत्ता कटा है. बांकी के विधायक को टिकट मिलना लगभग तय है.

सीट बंटवारे के बाद नामों का ऐलान
हालांकि, राजेश राम का कहना था कि जब तक महगठबंधन के सीट शेयरिंग की घोषणा नहीं हो जाती है, तबतक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की जाएगी. इधर गठबंधन के घटक दलों का यह जरूर कहना है कि अगले 48 घंटे में पिक्चर साफ हो जाएगा.


Leave a Reply