पटना: बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है. दो चरणों में वोट डाले जाएंगे. घोषणा के साथ ही बयानबाजी तेज हो गई है. पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया था कि 14 नंवबर 2025 के बाद महागठबंधन की सरकार बनेगी और हर बिहारी सीएम बनेगा. वहीं अब आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने भी धमाकेदार पोस्ट किया है.

क्या है पोस्ट का मतलब?
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे. पहले फेज के तहत 6 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा. इसी को 6 और 11 को मुहावरे से जोड़ते हुए लालू प्रसाद यादव ने दावा किया कि 6 और 11 की तरह एनडीए भी सत्ता से नौ-दो ग्यारह हो जाएगा.

तेजस्वी ने भी किया था पोस्ट
वहीं, तेजस्वी यादव ने भी चुनाव की तारीख की घोषणा के तुरंत बाद लंबा-चौड़ा पोस्ट कर दावा किया था कि 14 नंवबर के बाद एनडीए सत्ता में नहीं रहेगा और महागठबंधन की सरकार बनेगी. उन्होंने ये भी कहा था कि बिहार के लोग 20 साल की तकलीफों का हिसाब लेगी और कमजोर मुख्यमंत्री को कुर्सी से हटा देगी.

कब होगा विधानसभा चुनाव?
6 नवंबर को पहले चरण के तहत बिहार की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 11 नवंबर को दूसरे फेज में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. वहीं 14 नवंबर को मतों की गिनती होगी. 10 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी.

सीट बंटवारे में पेंच
चुनाव की घोषणा हो चुकी है लेकिन अबतक न तो एनडीए और न ही महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति बन पाई है. एनडीए नेताओं का दावा है कि सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है, एक-दो दिनों में औपचारिक मुहर लग जाएगी.

वहीं महागठबंधन में अभी भी कई पेंच है. न तो आरजेडी-कांग्रेस के बीच सीट फाइनल हो पाई है और न ही छोटे दलों से डील हो पाई है. खबर है कि मुकेश सहनी और पशुपति पारस के कारण सीट शेयरिंग में देरी हो रही है.



Leave a Reply