MUZAFFARPUR

बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगी मैथिली ठाकुर, बोलीं- ‘इन दो सीटों में से कोई एक मेरी चाहत’

दरभंगा: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. इस बीच लोकप्रिय लोक गायिका मैथिली ठाकुर का नाम भी चर्चा में आ गया है. मैथिली ठाकुर भी चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. इसको लेकर मैथिली ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है. वहीं बुधवार को वह भाजपा की सदस्यता लेंगी. सूत्रों के अनुसार दिल्ली या पटना में भाजपा के शीर्ष नेता के सामने सदस्यता ग्रहण कर सकती हैं. मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने इसकी पुष्टि भी कर दी है. कहा जा रहा है कि मैथिली बेनीपट्टी विधानसभा से चुनाव लड़ सकती हैं.

चुनाव लड़ने को लेकर मैथिली की पहली प्रतिक्रिया

मिथिलांचल से आने वाली मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर के चुनाव लड़ने की अटकलें तब तेज हो गयी, जब रविवार को बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने उनसे मुलाकात के बाद तस्वीर शेयर करते हुए इसके स्पष्ट संकेत दिए. वहीं चुनाव लड़ने को लेकर मैथिली ठाकुर ने कहा कि मैं हमारे देश के दो बड़े नेताओं नित्यानंद राय और विनोद तावड़े से मिली. उन्होंने जिस तरीके से फोटो शेयर किया मैं और मेरा पूरा परिवार इसको लेकर बहुत खुश हैं. उन लोगों ने मुझे राजनीति के लिहाज से देखा, बहुत खुशी हो रही है.

यहां से चुनाव लड़ सकती हैं मैथिली

मैथिली ने कहा कि मेरी विचारधारा वही है, लेकिन अब लोगों के सवालों में बदलाव आ गया है. पहले से मेरे दिमाग में राजनीति में आने का कोई विचार नहीं था. मेरे आदर्श हमेशा से पीएम मोदी जी रहे हैं. मुझपर इतना भरोसा जताया जाएगा, इसकी उम्मीद नहीं थी. मैथिली ठाकुर ने कहा कि दरभंगा और मधुबनी दोनों मेरा घर रहा है. ऐसे में मेरी चाहत यही रहेगी कि दरभंगा (अलीनगर) या मधुबनी (बेनीपट्टी) में मुझे सीट मिले.

बेनीपट्टी से विनोद नारायण झा विधायक

मधुबनी के बेनीपट्टी सीट से फिलहाल विनोद नारायण झा विधायक हैं. वह भाजपा के मजबूत नेता माने जाते हैं. ऐसे में उनका टिकट काटकर मैथिली को टिकट देना उतना आसान नहीं होगा.

अलीनगर से मिश्री लाल MLA

वहीं अलीनगर सीट से भाजपा के मिश्री लाल यादव विधायक हैं. 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के बहुमत प्रस्ताव के दौरान उनकी संदिग्ध गतिविधि से पार्टी नाराज है और कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका टिकट इस बार कट सकता है. बीते दिनों वह अपने बेटे के साथ राबड़ी आवास के बाहर भी देखे गए थे.

बुधवार के बीजेपी में होंगी शामिल

लोक गायिका मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर से ईटीवी भारत संवाददाता वरुण ठाकुर ने फोन पर बात की. रमेश ठाकुर ने कहा कि बुधवार को शीर्ष नेतृत्व के समक्ष बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगी. उन्होंने कहा कि पटना या दिल्ली में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार हो रही है.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.