पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार सड़कों पर विकासशील इंसान पार्टी की नाव चलती नजर आएगी. सैकड़ों की संख्या में इसे तैयार कराया जा रहा है, जो चुनाव के दौरान सड़कों पर नजर आएगी. बिहार के पूर्व मंत्री और वीआईपी के संस्थापक मुकेश सहनी ने इसका ऐलान किया है.

नाव से जनता के बीच जाएगी VIP
वीआईपी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बताया कि बिहार के लिए ‘नाव’ बहुत बड़ी चीज है. बाढ़ के दौरान कई लोगों का जीवन यह बचाने का काम करती है तो कई इलाकों का आवागमन भी इसी नाव पर निर्भर रहता है. ऐसे में वीआईपी अपनी ‘नाव’ को लेकर ही लोगों के बीच पहुंच रही है.

पीएम मोदी पर तंज
उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि यह चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य को तय करने वाला चुनाव है. उन्होंने कहा कि वीआईपी पिछले कई वर्षों से निषादों के आरक्षण की मांग को लेकर कई तरह के प्रयास किए लेकिन सरकार अब तक इसे नहीं मानी. साथ ही मुकेश सहनी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि इनकी घोषणाओं के कारण जनता ने 2014, 2019 और 2024 में उनपर भरोसा जताया, लेकिन उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया.

नीतीश कुमार पर हमला
मुकेश सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और अब सरकार नहीं संभाल पा रहे हैं. नीतीश इसलिए लोगों के बीच पैसा बांट रहे हैं. महिलाओं को 10-10 हजार दे रहे हैं. जनता से उन्होंने अपील करते हुए कहा कि अगर वाकई आपको लगता है कि वर्तमान सरकार आपका उत्थान चाहती है तो साथ दीजिए, नहीं तो सही सरकार चुनने में भूमिका निभाएं.

VIP का विजन
बिहार के पूर्व मंत्री सहनी ने कहा कि आज भी यहां के अति पिछड़े, पिछड़े, दलितों को अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. ऐसे में जरूरत है कि इस चुनाव में आने वाली पीढ़ी के भविष्य को उज्जवल करने को लेकर कल्याणकारी सरकार बनाने के लिए वोट दें. साथ ही उन्होंने महागठबंधन की सरकार बनने पर जनता को कई तरह की योजनाओं का लाभ देने का वादा किया. माई बहिन मान योजना के साथ ही पिछड़े अति पिछड़े और किसानों पर फोकस करने का वादा किया.


Leave a Reply