पटना : बिहार में शिक्षकों के अंतर जिला स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा ऐलान किया है. विभाग की ओर से इस संबंध में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और बताया गया कि लगभग 17000 शिक्षक ऐसे हैं, जिन्हें उनके द्वारा दिए गए तीन-तीन जिलों के विकल्प में से कोई जिला आवंटित नहीं हो पाया है. अब ऐसे शिक्षकों को एक और मौका दिया जा रहा है. वे पूर्व में दिए गए तीन जिलों को छोड़कर नए तीन जिलों का विकल्प चुनकर पुनः आवेदन कर सकेंगे. यह आवेदन 23 सितंबर से 28 सितंबर 2025 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा.

‘स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी’
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन की जा रही है. 5 सितंबर से 13 सितंबर तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर कुल 41689 शिक्षकों ने अपने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था. इसमें महिला शिक्षकों की संख्या 17960 और पुरुष शिक्षकों की संख्या 23729 है.

स्थानांतरण में शिक्षक छात्र अनुपात का ध्यान
हालांकि जिन 17000 शिक्षकों को विकल्प के बावजूद जिला आवंटित नहीं हुआ, उनके लिए शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि वे 23 सितंबर से 28 सितंबर तक पोर्टल पर पुनः आवेदन कर सकते हैं. इसमें शर्त यह होगी कि पहले दिए गए तीन जिलों को छोड़कर नए तीन जिलों का चयन करना होगा.

किस वर्ग के कितने शिक्षकों ने दिया है आवेदन ? : शिक्षा मंत्री का कहना है कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी लंबित शिक्षकों के स्थानांतरण को अंतिम रूप दिया जाएगा. विभाग का दावा है कि इससे पूरे राज्य में शिक्षकों की उपलब्धता और संतुलन सुनिश्चित होगा. मंत्री ने बताया कि स्थानांतरण के लिए 41689 आवेदन प्राप्त हुए हैं, उसमें नियमित शिक्षक की संख्या 617 है. विशिष्ट शिक्षक की संख्या 12370 है और विद्यालय अध्यापक की संख्या 28702 है. इसमें कक्षा 1 से 5 के शिक्षकों की संख्या 17382 है, कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों की संख्या 6600 है, कक्षा 9 से 10 के शिक्षकों की संख्या 8341 है और कक्षा 11 से 12 की शिक्षकों की संख्या 9366 है.



Leave a Reply