MUZAFFARPUR

पूर्णिया एयरपोर्ट का मुद्दा छोड़ नहीं रहे सांसद पप्पू यादव, अब मोदी सरकार से कर दी यह मांग

पूर्णिया: सांसद पप्पू यादव पूर्णिया एयरपोर्ट का मुद्दा हाथ से जाने नहीं दे रहे। शनिवार और रविवार के दिन पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के बाद रक्षा मंत्री और नागरिक उड्डयन मंत्री का आभार जताया और कहा कि इस एयरपोर्ट का संचालन केवल सीमांचल और कोसी ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर बिहार के लिए जीवन रेखा साबित होगा। उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने और उसके अनुकूल यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग नरेंद्र मोदी सरकार से की। 15 सितम्बर को प्रधानमंत्री ने इसका लोकार्पण किया और फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई।

सांसद ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ-साथ रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों से भी वार्ता की थी। सांसद यादव ने कहा कि फिलहाल एयरपोर्ट से उड़ानें सीमित दिनों तक उपलब्ध हैं, लेकिन आवश्यकता के अनुसार यहां से विमानों का परिचालन को बढ़ाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम न केवल यात्रियों की सुविधा को बढ़ाएगा बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को भी तेजी से गंतव्य तक पहुंचने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह वंदे भारत ट्रेन ने पूर्णिया सहित सीमांचल की कनेक्टिविटी को सशक्त बनाया है।

उसी प्रकार हवाई सेवा भी इस क्षेत्र की प्रगति में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट जनता का सपना था और जब यह पूरा हुआ है तो यहां से लगातार फ्लाइट उपलब्ध कराना अब सरकार की जिम्मेदारी है। सांसद ने उद्घाटन के उपरांत विगत दिनों पूर्णिया एयरपोर्ट का दौरा भी किया था। इस दौरान उन्होंने कई सुविधाओं को और बेहतर करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि पूर्णिया एयरपोर्ट को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा दिलाने के लिए यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए। इससे न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा बल्कि क्षेत्र में निवेश और पर्यटन की भी संभावनाएं बढ़ेंगी।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया का आर्थिक और सामाजिक विकास सीधे तौर पर कनेक्टिविटी पर निर्भर करता है। हमारा संकल्प है कि पूर्णिया एयरपोर्ट से नियमित और बेहतर हवाई सेवा शुरू हो। इसके लिए हम लगातार केंद्र सरकार से संवाद बनाए हुए हैं और हर स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। दरअसल पप्पू यादव इसे अपने संघर्ष का उपहार मानते हैं। उद्घाटन समारोह में पप्पू यादव की पीएम मोदी से बेहतर माहौल में बात हुई। मंच से उन्होंने भाषण भी दिया और पीएम मोदी की तारीफ की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.