समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर के जितवारपुर कॉलेज मैदान में शुक्रवार को देर शाम बिहार अधिकार यात्रा के तहत नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी को दूर करने, किसानों और मजदूरों के सम्मान, मां-बहनों की सुरक्षा और बिहार में कारखाने-उद्योग स्थापित करने के संकल्प के साथ यह यात्रा शुरू की गई है.
रोसड़ा को जिला बनाने का वादा
बिहार अधिकार यात्रा के तहत रोसड़ा के टावर चौक पर भी तेजस्वी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “राजनीति में मैं बच्चा जरूर हूं, लेकिन कच्चा नहीं हूं.” तेजस्वी ने वादा किया कि उनकी सरकार बनी तो रोसड़ा को जिला बनाया जाएगा. उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर नीतीश सरकार को घेरा. तेजस्वी ने इसे केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों की आवाज बताया.

बीजेपी और नीतीश कुमार पर तंज
तेजस्वी ने बीजेपी पर तलवार बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कलम बांट रहे हैं. उन्होंने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री थक चुके हैं और समय-समय पर पलटी मारते रहते हैं. तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे गुजरात में कारखाने लगाते हैं, लेकिन बिहार में केवल वोट मांगते हैं.
नीतीश सरकार पर तीखा हमला
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने इसे “लाठी-डंडे की सरकार” करार देते हुए कहा कि जनता इससे त्रस्त हो चुकी है. तेजस्वी ने दावा किया कि 2025 में बिहार की जनता बदलाव लाएगी, क्योंकि नीतीश सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी चरम पर है. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के पास कोई विजन नहीं है और वह उनकी नकल कर रही है.

नया बिहार, नए सपने
जनता से हाथ उठाकर सहमति मांगते हुए तेजस्वी ने कहा कि बिहार में विकास और रोजगार की कमी सबसे बड़ी समस्या है. उन्होंने नया बिहार बनाने के लिए जनता को एकजुट होने का आह्वान किया. तेजस्वी ने वादा किया कि उनकी सरकार बनी तो बिहार में उद्योग-कारखाने स्थापित किए जाएंगे, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.

तेजस्वी का चांदी के मुकुट से सम्मान
रोसड़ा में तेजस्वी का चांदी के मुकुट से सम्मान किया गया. स्थानीय नेता कारी सोहेब ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया. तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो सभी युवाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने बिहार में बदलाव को अपरिहार्य बताते हुए जनता से समर्थन मांगा.
महागठबंधन की सरकार का दावा
राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने कहा कि नीतीश सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनेगी. जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि तेजस्वी को बिहार की जनता अपने भविष्य के रूप में देख रही है.



Leave a Reply