पटना : बिहार की राजधानी पटना में बड़ी घटना सामने आयी है. जहां एक ही परिवार के 4 लोग वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए. जिनमें 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक को चिंताजनक हालत में पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है. घटना बाढ़ अनुमंडल के पंडारक स्टेशन के निकट मेकरा ममरखा गांव की बताई जाती है.

तिलक समारोह जाने के दौरान हादसा
घटना के संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंडारक स्टेशन पर आज (शुक्रवार) शाम करीब 5 बजे यह हादसा हुआ. सभी लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं और नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र टाड़ापर के रहने वाले हैं. सभी लोग अपने परिचित के यहां तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे.

पटरी पार के दौरान ट्रेन की चपेट में आए
मृतकों में टाड़ापर गांव निवासी रविंद्र मांझी के 24 वर्षीय पुत्र जीतू मांझी, जवाहर मांझी के 25 वर्षीय पुत्र नागो मांझी और स्व. सौदागर मांझी के 60 वर्षीय पुत्र रीतलाल मांझी शामिल हैं. ये तीनों शाम के समय पंडारक स्टेशन के पास पटरी पार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना इतनी भयावह थी कि तीनों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था. इस दौरान, स्व. सौदागर मांझी का 50 वर्षीय पुत्र जगलाल मांझी भी ट्रेन की चपेट में आ गए. जिससे उनके हाथ और पैर कट गए. उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. उन्होंने तुरंत रेल पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट चुकी है.



Leave a Reply