MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर में नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई संपन्न

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक आज निगम मुख्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर हित एवं जनसुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में आगामी दशहरा, दीपावली एवं छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए रुपए 15 लाख तक की लागत वाले आवश्यक कार्यों को विभागीय स्तर पर तत्काल संपन्न कराने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी क्रम में 265 स्ट्रीट लाइटों की खरीद, छठ पूजा घाटों की साफ-सफाई हेतु विशेष टीम का गठन तथा कृत्रिम घाटों के निर्माण को मंजूरी दी गई।

जल संरक्षण की दिशा में निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के 6 प्रमुख पोखरों के जीर्णोद्धार एवं घाट निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल के तहत निविदा प्रक्रिया को भी मंजूरी मिली।

नगरपालिका कर व्यवस्था में सुधार हेतु बिहार नगरपालिका संपत्ति कर नियमावली, 2013 की गुणक तालिका में संशोधन को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही कर्मचारियों के हित में समान कार्य समान वेतन पर कार्यरत कर्मियों को सप्तम वेतनमान के अधिभार की मंजूरी दी गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि निगम क्षेत्र के सभी पार्कों में एडवेंचर ज़ोन का निर्माण एवं संचालन किया जाएगा, ताकि नागरिकों को आधुनिक मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

महापौर निर्मला देवी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि त्योहारी मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सड़क, प्रकाश और घाटों की व्यवस्था बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपमहापौर डॉ मोनालिसा ने कहा कि “छठ पर्व हमारे नगर की सांस्कृतिक पहचान है। निगम द्वारा कृत्रिम घाटों के निर्माण और सफाई कार्यों की निगरानी विशेष रूप से की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा, “बैठक में लिए गए निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। विशेष रूप से पोखरों के जीर्णोद्धार, स्ट्रीट लाइट लगाने और एडवेंचर ज़ोन जैसे कार्यों से शहरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.