MUZAFFARPUR

पटना न्यू मार्केट में हादसा टला, सड़क के गड्ढे में समाई कार से सुरक्षित निकाले गए दो सवार

पटना : राजधानी पटना में सोमवार को बड़ा हादसा होने से टल गया. कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन के समीप न्यू मार्केट इलाके में अचानक सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक कार जा समायी. गाड़ी में दो लोग सवार थे जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा.

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई घटना की सच्चाई

प्रत्यक्षदर्शी सैफी अहमद ने बताया कि गाड़ी न्यू मार्केट की ओर से आ रही थी. इसी दौरान सड़क पर खोदे गए गड्ढे में अचानक पहिया फंस गया और कार पलट कर पानी से भरे गड्ढे में समा गई. देखते ही देखते गाड़ी का आधा हिस्सा पानी में डूब गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत ही गाड़ी के भीतर फंसे दोनों यात्रियों को बाहर निकाल लिया. गनीमत रही की किसी की जान नहीं गई.

पुलिस और जेसीबी की मदद से कार बाहर 

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. जेसीबी की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया. पुलिस ने दोनों यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. हादसे के कारण कुछ देर के लिए आसपास के इलाके में जाम की स्थिति भी बनी रही.

लगातार हादसों से लोग परेशान

पटना में इन दिनों जगह-जगह खुदाई का काम चल रहा है. कहीं नाला निर्माण हो रहा है तो कहीं सड़क मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. कई जगहों पर खुदाई के बाद गड्ढों को ढकने की उचित व्यवस्था नहीं की गई है. इसी लापरवाही के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं.

लोगों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई. राहगीरों ने कहा कि आए दिन ऐसे हादसे होते हैं लेकिन जिम्मेदार एजेंसियां इस ओर ध्यान नहीं देतीं. दुकानदारों ने भी बताया कि काम के नाम पर सड़कों को खोद कर छोड़ दिया जाता है, जिससे न सिर्फ ट्रैफिक प्रभावित होता है बल्कि लोगों की जान पर भी खतरा मंडराता है.

गनीमत रही कि बच गई जान

न्यू मार्केट के पास हुई इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि दोनों सवार सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर गाड़ी के भीतर बैठे लोग समय रहते बाहर न निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.