वैशाली : वैशाली के हाजीपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सब कुछ ठीक चल रहा है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी द्वारा 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कहे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब चुनाव नजदीक आते हैं, तो सीटों का चयन और बंटवारा तमाम प्रक्रियाओं का पालन करते हुए होता है। कई बार कई राजनीतिक दल अपने अस्तित्व को और मजबूत करने के लिए इस तरह की बातें करते हैं। मांझी जी खुद केंद्र में मंत्री हैं और उनके पुत्र बिहार सरकार में मंत्री हैं।

मैं व्यक्तिगत रूप से अनुभव कर सकता हूं
वहीं, केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें बधाई दी और कहा कि आज हम लोगों के लिए और देश के लोगों के लिए खुशी का दिन है। जिस तरीके से प्रधानमंत्री ने आज महिलाओं के लिए स्वस्थ महिला अभियान की शुरुआत की है, वह बेहद महत्वपूर्ण है। जब महिलाएं स्वस्थ होती हैं, तो पूरा परिवार स्वस्थ रहता है। इस बात का मैं व्यक्तिगत रूप से अनुभव कर सकता हूं, क्योंकि मैं भी ऐसे परिवार से आता हूं जहां केवल मेरी मां का ध्यान रखा जाता है। जब वे स्वस्थ रहती हैं, तो मैं और मेरा पूरा परिवार स्वस्थ रहता है।

यह अभियान दशहरे के दिन तक चलेगा
चिराग ने कहा कि एक छोटी सी सोच को आज मेरे प्रधानमंत्री ने पूरे देश में अभियान के रूप में शुरू किया है। यह अभियान दशहरे के दिन तक चलेगा, जिसमें प्रखंड स्तर पर कैंप लगाए जाएंगे, जहां महिलाएं जाकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवा सकेंगी। छोटी-सी बीमारी से लेकर कैंसर तक की जांच की जाएगी। इस अभियान का एक ही लक्ष्य है। छोटी बीमारियां कभी-कभी जानकारी के अभाव में बड़ा रूप ले लेती हैं।




Leave a Reply