दरभंगा: बिहार के दरभंगा में यूट्यूबर के साथ मारपीट का मामला गरमाता जा रहा है. सोमवार को सिंहवाड़ा थाना पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में पीड़ित ने मंत्री जीवेश मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. वहीं शाम को उसी थाने में गुड़िया देवी नाम की महिला ने तेजस्वी यादव और संजय यादव सहित चार लोगों पर ठगी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी. अब मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आरजेडी ने मुहिम छेड़ दिया है.

जीवेश मिश्रा के खिलाफ आरजेडी का धरना
आरजेडी ने मंगलवार को मंत्री जीवेश कुमार के इस्तीफा की मांग को लेकर कर्पूरी चौक पर एक दिवसीय महाधरना दिया. धरने में पूर्व केंद्रीय मंत्री अली असरफ फातमी, पूर्व विधायक भोला यादव, पूर्व मंत्री ललित यादव और पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा भी शामिल हुए. इस दौरान मंत्री की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए गए.

‘गालीबाज मंत्री को बर्खास्त करे मुख्यमंत्री’
इस दौरान पूर्व विधायक भोला यादव ने कहा कि मंत्री के इस व्यवहार से साफ प्रतीत होता है कि वर्तमान सरकार सामंतवादियों की सरकार है. कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द बोल दिया तो बीजेपी और एनडीए ने देश भर में धरना-प्रदर्शन किया था लेकिन जह एक अतिपिछड़ा समाज के बेटे के साथ घटना हुई तो सत्ता पक्ष के नेता खामोश हैं. यूट्यूबर की मां को भद्दी-भद्दी गाली दी गई हैं. इसी के साथ ही उन्होंने मल्लाह जाति से आने वाले मंत्री मदन सहनी से भी नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग कर दी.
‘अतिपिछड़ा समाज का अपमान नहीं सहेंगे’
वहीं, आरजेडी नेता पन्ना यादव ने कहा कि जिस प्रकार बिहार सरकार के मंत्री जीवेश कुमार ने एक यूट्यूबर को भद्दी-भद्दी गालियां दी है और उसके साथ मारपीट की गई है, वह न केवल शर्मनाक है, बल्कि गंभीर अपराध भी है. उन्होंने कहा कि जिस यूट्यूबर के साथ मंत्री ने मारपीट की है, वह अतिपिछड़ा समाज के मल्लाह जाति का है. मंत्री ने सामंतवादी सोच होने के कारण ही उसके साथ ऐसी हरकत की है.

क्या है मामला?
14 सितंबर को बीजेपी नेता और मंत्री जीवेश मिश्रा दरभंगा जिले के रामपट्टी गांव गए थे. जहां एक स्थानीय यूट्यूबर ने उनसे गांव की सड़क को लेकर उनसे सवाल पूछा लेकिन मंत्री ने बिना जवाब दिए ही गाड़ी में जाकर बैठ गए. वहीं जब यूट्यूबर ने उनको रोकने की कोशिश की तो मंत्री भड़क गए. यूट्यूबर का आरोप है कि सवाल पूछने के कारण मंत्री के सहयोगियों ने उसके साथ मारपीट की. इधर, मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने भी थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके काफिले की गाड़ी पर पथराव किया गया है. हालांकि जीवेश मिश्रा ने आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि वह जल्द ही मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे.



Leave a Reply