MUZAFFARPUR

RJD विधायक अमर पासवान पर FIR, 4 करोड़ की जमीन पर दबंगई का आरोप; DGP के दखल पर एक्शन

RJD विधायक अमर पासवान पर FIR, 4 करोड़ की जमीन पर दबंगई का आरोप; DGP के दखल पर एक्शन विधायक अमर पासवान पर जमीन पर जबरन कब्जा करने की एफआईआर दर्ज आरजेडी विधायक अमर पासवान पर बिहार के मुजफ्फरपुर में केस दर्ज किया गया है। वे मुजफ्फरपुर बोचहाँ के विधायक हैं। अमर पासवान के खिलाफ अहियापुर में जबरन जमीन कब्जा करने के आरोप को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। प्री एफआईआर जांच में आरोप सत्य पाया गया।

जदयू की नेत्री सविता शाही के आवेदन पर अहियापुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला एक महीने से चल रहा था। इस मामले को लेकर जदयू नेत्री ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात की थी। मुख्यालय के हस्तक्षेप के बाद मामले की एफआईआर ली गई है। बताया जाता है कि जदयू नेत्री को स्थानीय पुलिस ने टालने का काम किया।

पुलिस जमीन विवाद को लेकर मामले में जांच कर रही है।अहियापुर थाना के सलेमपुर गांव में 78 डिसमिल का प्लॉट है। जिसको लेकर अमर पासवान और सविता शाही के बीच विवाद की बात बताई जा रही है। उक्त प्लाट की कीमत 4 करोड रुपए से अधिक बताई जा रही है। सविता शाही ने थाने में दिए आवेदन में कहा है कि बीते 25 अगस्त को अमर पासवान और उसके गुंडो ने जमीन पर लगे पिलर को उखाड़ दिया। जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। हत्या की धमकी दी और मारपीट पर उतारू हो गए।

यह आरोप लगाते हुए सविता शाही ने घटना के बाद अहियापुर थाने में आवेदन दिया था। मामले की जांच के लिए दरोगा बिट्टू कुमार को जिम्मेदारी सौंप गई थी। बिट्टू कुमार ने इस संबंध में विवाद को लेकर थानेदार को प्रतिवेदन सौंपा उसके बाद कांड दर्ज किया गया। थाना अध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जमीन पर पुराना विवाद है, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच बीडीओ की मौजूदगी में बैठक कराई गई थी। लेकिन, थाने में दिए गए आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन की जा रही है। इस मामले में विधायक अमर पासवान से उनका पक्ष लेने के लिए कॉल किया तो उन्होंने नहीं उठाया। उनके पीए का मोबाइल बंद पाया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.