मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा को भाजपा की टोपी पहना दी गई और कमल निशाना वाला पार्टी का झंडा थमा दिया गया। सम्मेलन में शाहनवाज हुसैन, जदयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत कई एनडीए विधायक और सांसद मौजूद थे। फोटो वायरल होने के बाद सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है। विपक्षी कांग्रेस पार्टी और राजद ने इसे बापू का अपमान बताकर सड़कों पर बवाल काटा। बापू की प्रतिमा को गंगाजल से धोया गया।

जिले के मीनापुर हाईस्कूल मैदान में शनिवार को एनडीए सम्मेलन का आयोजन किया गया था। वहीं बापू की प्रतिमा पर भाजपा की टोपी और पार्टी झंडा लगा दिया गया। इसके खिलाफ राजद विधायक मुन्ना यादव के नेतृत्व में आरजेडी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। बापू की प्रतिमा के समीप कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। वे लोग दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान विधायक ने गंगाजल से बापू की प्रतिमा को स्नान कराया।
पुलिस ने सनहा दर्ज किया
उन्होंने कहा कि यह अपमान सहन नहीं होगा। कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। मामले को लेकर थानेदार रामएकबाल प्रसाद के बयान पर सनहा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामला प्रकाश में आने के बाद शनिवार की रात ही टोपी और झंडा जब्त कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है।

राष्ट्रपिता की प्रतिमा को भाजपा की टोपी पहनाना राष्ट्रीय धरोहर का अपमान
मुजफ्फरपुर तिलक मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मीनापुर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भाजपा की टोपी पहनाने को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। मुकुल ने कहा कि यह घटना राष्ट्रीय धरोहर का अपमान करने वाली है। कांग्रेस की जिला कमेटी इसकी घोर भर्त्सना करती है। सोमवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेगा। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता ने भाजपा के जिला नेतृत्व से माफी मांगने को कहा। कहा भाजपा के लोगों का चाल और चरित्र इस घटना से सामने आ गया है।

बीजेपी ने बताया साजिश
इधर, बीजेपी नेता अजय कुमार ने आरजेडी की साजिश बताया है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को मीनापुर हाईस्कूल में एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ था। इसी दौरान किसी ने बापू की प्रतिमा पर भाजपा की टोपी और झंडा लगा दिया था, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इसको लेकर राजद विधायक ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और आंदोलन की चेतावनी दी थी। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान ही बापू प्रतिमा से छेड़ छाड़ की गई जो एनडीए के किसी नेता को दिखाई नहीं पड़ा।



Leave a Reply