MUZAFFARPUR

टिकट के लिए कितने रुपये ले रही जन सुराज पार्टी, प्रशांत किशोर ने बताई कैंडिडेट फीस

बिहार: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 243 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने जा रही है। जन सुराज की ओर से हर सीट पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच पीके ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी चुनाव का टिकट नहीं बेचती है। बल्कि जन सुराज में कैंडिडेट के चयन की एक प्रक्रिया है। इसके तहत अगर किसी को जन सुराज का टिकट चाहिए तो उसे एक निर्धारित फीस जमा कराकर आवेदन करना होता है।

जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गोपालगंज जिले के हथुआ में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में उम्मीदवारी के आवेदन के लिए 21 हजार रुपये की फीस रखी गई है। यह सामान्य व्यक्ति के लिए बड़ी बात नहीं है। अगर कोई जन सुराज का टिकट चाहता है तो वह 21000 रुपये जमा कराकर आवेदन करता है। हालांकि, यह फीस देने के बाद भी टिकट मिलने की कोई गारंटी नहीं है।

पीके ने कहा कि जन सुराज पार्टी में कैंडिडेट के चयन की जो प्रक्रिया है उसमें जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। जनता जिसे चुनेगी, वही पार्टी का उम्मीदवार बनेगा। किस सीट से जन सुराज पार्टी का कैंडिडेट कौन होगा, यह जनता तय करेगी।

नवरात्र तक कैंडिडेट लिस्ट जारी करेगी जन सुराज पार्टी

प्रशांत किशोर की पार्टी इसी महीने नवरात्र तक आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट लिस्ट जारी कर देगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने पिछले दिनों कहा कि उम्मीदवारों का चयन अंतिम दौर में चल रहा है। सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान नवरात्र तक कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि जन सुराज अलग-अलग कैंडिडेट लिस्ट जारी नहीं करेगी। बल्कि सभी 243 सीटों पर एक साथ उम्मीदवार उतार देगी। बिहार में अक्बूटर महीने में विधानसभा चुनाव की घोषणा संभव है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.