MUZAFFARPUR

पटना में RJD नेता की ह’त्या, दो अ’पराधियों ने दा’गी 6 गो’लियां

पटना: राजधानी पटना में बुधवार शाम को आरजेडी के नेता और जमीन कारोबारी राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें छह गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अपराधियों ने दागी 6 गोलियां

जानकारी के अनुसार, राय अपने चारपहिया वाहन से मुन्ना चक स्थित घर पहुंचे थे. ड्राइवर गाड़ी पार्क कर रहा था, इस बीच वे सब्जी के लिए पास की एक दुकान में मसाला खरीदने गए. तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली दुकान में रखे फ्रिज में भी लगी. अचानक हुए हमले से राजकुमार राय भागने लगे, लेकिन अपराधियों ने उनका पीछा करते हुए छह राउंड गोलियां दाग दीं. उन्हें पीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

जमीन कारोबार से जुड़े थे आरजेडी नेता

बताया जा रहा है कि राजकुमार राय वैशाली जिले के राघोपुर मीरामपुर के निवासी थे. वे पटना में जमीन कारोबार से जुड़े हुए थे और हाल ही में मुन्ना चक इलाके में मकान बनवा रहे थे. राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो राय पहले राजद पार्टी से चुनाव भी लड़ चुके थे, हालांकि बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया. आगामी विधानसभा चुनाव में राघोपुर सीट से किस्मत आजमाने की तैयारी कर रहे थे.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार समेत कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए हैं. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. डीवीआर जब्त कर ली गई है. फुटेज में दो अपराधी स्पष्ट रूप से नजर आए हैं, हालांकि पुलिस का मानना है कि अपराधियों की संख्या अधिक भी हो सकती है.

एसआईटी का गठन

पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन कर दिया है. हत्या के पीछे जमीन विवाद है या राजनीतिक दुश्मनी हो सकती है, जांच के बाद ही सब कुछ साफ हो पाएगा. सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

राजधानी पटना में इस वारदात ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है. शहर में आए दिन बढ़ रहे अपराध की घटनाओं से आमजन के साथ-साथ कारोबारी वर्ग में भी दहशत का माहौल है. राजकुमार राय की हत्या से राघोपुर और पटना दोनों जगहों पर तनाव का माहौल है. फिलहाल पुलिस की विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है और अपराधियों की तलाश में जुटी है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.