पटना: बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के दौरान भावुक हो गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका निधि क्रेडिट कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान पीएम मोदी ने दरभंगा में उनकी मां पर की गई अभद्र टिप्पणी पर दुख जताया. प्रधानमंत्री जब बोलते-बोलते भावुक हो गए तो दिलीप जायसवाल के आंसू बेकाबू हो गए.

पीएम की बात सुन रो पड़े दिलीप जायसवाल
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा के मंच से पीएम मोदी और उनकी स्वर्गीय मां पर अपमानजक टिप्पणी की गई थी. इसको लेकर मंगलवार (2 सितंबर) को पीएम मोदी ने दुख जताया है. पीएम जब अपनी मां के कहे शब्दों को याद कर रहे थे, तब उसे सुनते ही दिलीप जायसवाल भावुक हो गए. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पीएम मोदी का भाषण सुनते हुए अपने आंसू पोंछ रहे थे.

PM की ये बात सुन रो पड़े बीजेपी अध्यक्ष
पीएम मोदी कह रहे थे कि बच्चों के लिए मां से बड़ा कुछ नहीं होता है. मैंने भी अपनी मां को ऐसे ही रूप में देखा. उन्होंने बहुत गरीबी और बहुत सारी तकलीफें सहते हुए अपने परिवार को, हम सब भाई बहनों को पाला.

मुझे याद है बारिश का मौसम आने से पहले मां इस कोशिश में जुट जाती थी कि छत ना टपके और उनके बच्चे चैन से सो सके. पता तक नहीं चलने देती थी. काम करती रहती थी. कभी नई साड़ी तक नहीं खरीदती थी. पाई-पाई जमा करती थी.
नम हो गई मेरी आंखें- दिलीप जायसवाल
दिलीप जायसवाल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को 20 लाख मां, बहन, बेटी सुन रही थी. उन्होंने बताया कि मां, बहन, बेटी मनुष्य के लिए कितनी महत्वपूर्ण हैं. जिस प्रकार कांग्रेस-राजद के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय माताजी को गंदी गाली दी गई, इससे बड़ा कोई पाप नहीं हो सकता. बिहार की धरती शर्मसार हो रही है. इसलिए मेरी आंखें नम हो गई.

पीएम का विपक्ष पर बड़ा हमला
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं बिहार की जनता के सामने, मां को गाली देने वालों से कहना चाहता हूं कि मोदी तो तुम्हें एक बार माफ कर भी देगा. लेकिन, भारत की धरती ने मां का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया है. मेरी उस मां की गाली दी गई, जिस मां ने मुझे देशसेवा का आशीर्वाद देकर खुद से दूर जाने दिया था. जो आज सशरीर इस दुनिया में नहीं है. मेरी उस मां को आरजेडी-कांग्रेस के मंच से गाली दी गई. ये बहुत ही दुख देने वाला है, कष्ट देने वाला है, पीड़ा देने वाला है.

क्या है पूरा मामला
बता दें बीते दिनों कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में कांग्रेस के मंच से पीएम नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था. मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था. लेकिन इस घटना के बाद से एनडीए विपक्ष पर हमलावर है.



Leave a Reply