MUZAFFARPUR

पटना में आज से डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत, जानें रूट और किराया

पटना: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को रोमांचक और पर्यटकों को आकर्षित करने वाला नया अध्याय शुरू हो रहा है. पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह दोपहर 12:30 बजे जेपी गंगा पथ यानी पटना मरीन ड्राइव पर डबल-डेकर बस सेवा का उद्घाटन करेंगे. यह पहल पटना को एक आधुनिक और आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने के दृष्टिकोण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे पर्यटकों को गंगा दर्शन का अनोखा अनुभव मिलेगा.

₹100 होगा किराया

यह बस दीघा रोटरी से पटना सिटी के कंगन घाट तक चलेगी और इसका प्रति व्यक्ति किराया मात्र ₹100 निर्धारित किया गया है. 40 सीटों वाली बस है. इसमें निचले और ऊपरी डेक पर 20-20 सीटें लगायी गयी है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस बस

आधुनिक सुविधाओं से यह बस पूरी तरह लैस है और इसमें आरामदायक वातानुकूलित सीटें, फ्रिज, माइक्रोवेव, म्यूजिक सिस्टम और एमरजेंसी के लिए पैनिक बटन जैसी सुविधाएं शामिल हैं. अभी यह बस पटना के दीघा रोटरी घाट से कंगन घाट तक का सैर कराएगी.

इन नजारों का लुत्फ उठाएंगे सैलानी

बस के ऊपरी मंजिल से यात्री गंगा की लहरों, पटना के ऐतिहासिक मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और अन्य धरोहरों का आनंद ले सकेंगे. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने इस सेवा को पर्यटन के दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण बताया है.

मार्च से बस थी तैयार

गौरतलब है कि यह बस मार्च में ही तैयार हो गई थी, लेकिन सड़क पर चलने के लिए परिवहन विभाग की ओर से एनओसी का इंतजार था. परिवहन विभाग की ओर से क्लीयरेंस मिल चुका है और इसका ट्रायल रन भी हो चुका है. डबल डेकर बस होने के कारण बस की ऊंचाई थी और सड़क पर चलने में यह देखना था कि कहीं पेड़-पौधों या तार से कोई दिक्कत तो नहीं हो रही है. तमाम क्लीयरेंस मिलने के बाद अब यह बस सड़क पर दौड़ने के लिए तैयार है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.