MUZAFFARPUR

वैष्णो देवी में अचानक लैंडस्लाइड, बिहार के 5 श्रद्धालुओं की मौ’त, सीएम नीतीश कुमार ने जताया गहरा शोक

जम्मू-कश्मीर में माता वैष्णो देवी की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए शुक्रवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ। कटरा मार्ग पर हुए भूस्खलन में बिहार के समस्तीपुर जिले के 5 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि श्रद्धालुओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि इस भीषण दुर्घटना ने सभी को झकझोर दिया है। नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “यह हादसा अत्यंत दुखद है। ईश्वर शोक-संतप्त परिवारों को धैर्य और शक्ति प्रदान करें।”

मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित बिहार राज्य के स्थानिक आयुक्त को निर्देश दिया है कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन से लगातार संपर्क में रहकर सभी मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गृह जिले समस्तीपुर तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नीतीश कुमार ने प्रशासन को मृतकों के परिजनों की हर संभव सहायता करने का भी आदेश दिया है। सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन विभाग को तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शवों के लाने-ले जाने में किसी भी तरह की बाधा न आए।

वैष्णो देवी यात्रा पर देश के अलग-अलग हिस्सों से लाखों श्रद्धालु हर साल आते हैं। भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं के चलते इस मार्ग को कई बार खतरनाक घोषित किया जा चुका है। शुक्रवार को हुई यह दुर्घटना न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं के लिए गहरे दुख की घड़ी है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.