बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 16 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। नीतीश कैबिनेट ने नालंदा जिले के राजगीर और वैशाली में नए फाइव स्टार होटल बनाने की स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को राहत देते हुए प्रतियोगी परीक्षा के शुल्क में कमी एवं माफी का प्रस्ताव भी पारित हो गया है। राजकीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले सरकारी शिक्षकों को अब 15 हजार की जगह 30 हजार रुपये मिलेंगे।

नीतीश कैबिनेट की मंगलवार (19 अगस्त) को हुई बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बिहार में सामान्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अब अभ्यर्थियों से 100 रुपये एग्जाम फीस ही ली जाएगी। साथ ही मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थियों को आवेदन के समय कोई शुल्क नहीं देना होगा। मेन्स एग्जाम की फीस सरकार ने माफ कर दी है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग, बिहार तकनीकी सेवा आयोग, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, केंद्रीय सिपाही चयन पर्षद की परीक्षाओं पर यह नियम लागू रहेगा। सीएम नीतीश कुमार ने पिछले दिनों यह घोषणा की थी, जिसपर कैबिनेट की मुहर अब लग गई है।

पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों को दोगुनी राशि
बिहार के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के लिए भी नीतीश कैबिनेट ने अहम फैसला लिया है। इसके तहत, राजकीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को सरकार ने बढ़ाकर दोगुना कर दिया है। ऐसे टीचर को अब 30 हजार रुपये दिए जाएंगे। पहले यह राशि 15 हजार रुपये थी।

वैशाली में एक, राजगीर में 2 फाइव स्टार होटल खुलेंगे
नालंदा जिले के राजगीर और वैशाली में पर्यटकों की सुविधा के लिए नए पांच सितारा होटल खोले जाएंगे। राज्य कैबिनेट ने वैशाली में एक और राजगीर में दो फाइव स्टार होटल खोलने का फैसला लिया है। इनका निर्माण पीपीपी मोड (जन-निजी भागीदारी) से किया जाएगा।

नीतीश कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले
⦁ बांका जिले के मौथाबाड़ी में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस वाहिनी का मुख्यालय बनाया जाएगा, इसके लिए गृह विभाग को मुफ्त जमीन देने की मंजूरी
⦁ मधेपुरा जिले के चौसा में 132/33 केवी ग्रीड सब स्टेशन के लिए बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी को जमीन हस्तांतरण की मंजूरी

⦁ सालेपुर, नरसंडा, तेलमर, करौटा एनएच-30 पर 19.43 किलोमीटर सेक्शन को 2 लेन से बढ़ाकर 4 लेन किया जाएगा। इसके लिए 539 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
⦁ राजगीर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक पहुंच पथ पर आरओबी समेत 4 लेन हाइवे के निर्माण के लिए 364 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
⦁ बिहार के 20 कृषि बाजारों के लिए व टाइम वन ग्रांट के रूप में 6 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने की मंजूरी दी गई।




Leave a Reply