MUZAFFARPUR

नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, जेपी सेनानी पेंशन दोगुनी, पांच नए औद्योगिक क्षेत्रों को मंजूरी

पटना: बिहार सरकार ने रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए. इन फैसलों में जेपी सेनानी पेंशन में वृद्धि, पांच नए औद्योगिक क्षेत्रों का गठन, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी, और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में 459 निम्न वर्गीय लिपिक पदों का सृजन शामिल है.

जेपी सेनानी पेंशन में दोगुनी वृद्धि

बिहार सरकार ने जेपी सेनानी सम्मान योजना के तहत पेंशन राशि में बड़ी वृद्धि की है. अब 6 महीने तक जेल में रहने वाले सेनानियों को 7,500 रुपये के बजाय 15,000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी, जबकि 6 महीने से अधिक जेल में रहने वालों को 15,000 रुपये के बजाय 30,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे. इस योजना का लाभ लालू प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिवानंद तिवारी और जगदानंद सिंह जैसे दिग्गज नेता भी ले रहे हैं.

पांच नए औद्योगिक क्षेत्रों का गठन

रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पांच नए औद्योगिक क्षेत्रों के गठन को मंजूरी दी है. इनमें बेगूसराय में 991 एकड़ जमीन के लिए 351 करोड़ 56 लाख 76 हजार 345 रुपये, पटना के बख्तियारपुर में 500 एकड़ के लिए 219 करोड़ 34 लाख 84 हजार 930 रुपये की स्वीकृति दी गई है.

औद्योगिक क्षेत्रों से हजारों लोगों को रोजगार

मधेपुरा में 548.87 एकड़ के लिए 41 करोड़ 26 लाख रुपये, सिवान में 167.34 एकड़ के लिए 113 करोड़ 92 लाख 24 हजार 303 रुपये, और सहरसा में 420 एकड़ के लिए 88 करोड़ 11 लाख 38 हजार 847 रुपये की स्वीकृति दी गई है. इन औद्योगिक क्षेत्रों से हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

गया हवाई अड्डा विस्तार को मंजूरी

गया हवाई अड्डा के विस्तारीकरण के लिए 18.24 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए 137 करोड़ 17 लाख 16 हजार 16 रुपये की स्वीकृति दी गई है. यह कदम बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद करेगा.

बीएलओ और सुपरवाइजर के पारिश्रमिक में वृद्धि

कैबिनेट ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बीएलओ सुपरवाइजर के पारिश्रमिक में भी बढ़ोतरी की है. बीएलओ का पारिश्रमिक 10,000 रुपये से बढ़ाकर 14,000 रुपये और बीएलओ सुपरवाइजर का 15,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिवर्ष किया गया है. 90,712 बीएलओ और 8,245 बीएलओ सुपरवाइजर के लिए 38 करोड़ 75 लाख 83 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है.

अल्पसंख्यक कल्याण के लिए नए पद

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तहत राज्य के प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालयों में 459 निम्न वर्गीय लिपिक पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है. यह कदम अल्पसंख्यक समुदायों के लिए प्रशासनिक सेवाओं को और सुलभ बनाएगा.

विधान मंडल नियमावली में संशोधन

कैबिनेट विभाग के अपर सचिव एस सिद्धार्थ ने बताया कि बिहार विधान मंडल सदस्यों के वेतन, भत्ता और पेंशन नियमावली 2006 के नियम 14 में संशोधन को भी स्वीकृति दी गई है. यह संशोधन विधायकों और पूर्व विधायकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.