पटना: चुनावी साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार (11 अगस्त) को 750 करोड़ से अधिक की योजना का शिलान्यास करने जा रहे हैं. सभी योजनाएं पथ निर्माण विभाग की हैं. पटना जिले की सभी योजना है, जिसमें 318.51 करोड़ की लागत से नेहरू पथ के दोनों तरफ ऊपर रूपस नहर से सगुना मोड़ तक भूमिगत नाले के साथ पथ का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाना है.

नीतीश करेंगे करोड़ों की योजना का शिलान्यास
वहीं 211.56 करोड़ की लागत से एम्स गोलंबर जानीपुर पैनापुर पथ का चौड़ीकरण एवं नौबतपुर के पास नए फ्लाईओवर का निर्माण, 143.86 करोड़ की लागत से नेहरू पथ को पाटलि से जोड़ने का कार्य, 71.48 करोड़ की लागत से खगोल नेहरू पथ- अशोक राजपथ तक रूपसपुर नहर पथ का चौड़ीकरण एवं निर्माण किया जाना है.

नौबतपुर के पास नए फ्लाईओवर का निर्माण
पटना में नौबतपुर के निसरापुर के पाकस सोन नहर पर पांच सौ मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इसका नक्शा तैयार हो चुका है. इस फ्लाईओवर से ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों की यात्रा आसान होगी. इस फ्लाईओवर के बन जाने से मसौढ़ी, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल जैसे इलाकों से पटना आने-जाने में सुविधा होगी. डायरेक्ट कनेक्टिविटी होने से लोगों को यातायात करने में आसानी होगी.

पाटलि से जोड़ा जाएगा नेहरू पथ
नेहरू पथ से पाटलि पथ को जोड़ने के लिए दो आर्म का निर्माण होगा. इससे बेली रोड से एम्स और दीघा का सफर सुगम होगा. सगुना मोड़ से आने वाले लोग भी इसका लाभ उठा पाएंगे.

पटना को जाम से मिलेगी मुक्ति
बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के साथ जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पटना जिले को यह तोहफा दे रहे हैं. इससे पटना में लोगों को जाम की समस्या से तो छुटकारा मिलेगा ही, साथ ही कई इलाकों में आना-जाना सुलभ हो जाएगा.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां कई बड़े फैसले ले रहे हैं और उसे कैबिनेट से स्वीकृति दिलाकर लागू भी कर रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री विकास की योजना का शिलान्यास और उद्घाटन भी लगातार कर रहे हैं.

आचार संहिता से पहले आएगी और तेजी
आचार संहिता लगने से पहले उद्घाटन और शिलान्यास के कार्यक्रम में और तेजी आएगी. खासकर मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दौरान जिन योजनाओं की घोषणा की गई थी और कैबिनेट से भी स्वीकृति मिल गई है, उन सबको चुनाव से पहले शिलान्यास कर निर्माण कर शुरू कर देना चाहते हैं.




Leave a Reply