MUZAFFARPUR

अनंत सिंह JDU से लड़ेंगे चुनाव, जेल से बाहर आते ही बोले- ‘अभी 25 साल लगातार नीतीश कुमार’

पटना : मोकामा के पूर्व बाहुबली विधायक और ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह बुधवार को बेउर जेल से रिहा हो गए. सोनू-मोनू गोलीकांड मामले में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के एक दिन बाद ही उनकी रिहाई हुई. जेल गेट पर उनके समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया.

‘अभी 25 साल लगातार नीतीश कुमार’

जेल से बाहर निकलते ही अनंत सिंह अपने पुराने अंदाज में नजर आए. कहा कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे. जेडीयू की टिकट पर वह मैदान में उतरेंगे. इस दौरान छोटे सरकार ने तो यहां तक कह दिया कि अगले 25 साल नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे.

कहां से लड़ेंगे चुनाव ?

कयास लगाया जा रहा है कि मोकामा विधानसभा क्षेत्र से ही अनंत सिंह चुनाव लड़ेंगे. फिलहाल यहां से उनकी पत्नी नीलम देवी विधायक हैं. 2022 में अनंत सिंह को अयोग्य ठहराए जाने के बाद आरजेडी की टिकट पर नीलम देवी चुनाव लड़ी थी और जीत दर्ज की थी. हालांकि बाद में वह सत्ता पक्ष के खेमे में नजर आने लगी.

कोर्ट ने दी थी सशर्त जमानत

बता दें कि, अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट ने मंगलवार को पचमहला थाना कांड संख्या 5/2025 में सशर्त जमानत प्रदान की थी. जस्टिस चंद्रशेखर झा की एकल पीठ ने उन्हें 10 हजार रुपये के निजी मुचलके और दो जमानतदारों के साथ जमानत देने का आदेश दिया. कोर्ट ने स्पष्ट शर्तें रखीं कि अनंत सिंह को न्यायिक कार्यवाही में नियमित उपस्थित रहना होगा और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहना होगा. यह उन्हें एक अन्य मामले में मिली जमानत के बाद आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मिली राहत है.

जेल से बाहर आते ही समर्थकों का जोश हाई

 जेल गेट से निकलते ही ‘छोटे सरकार’ के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया और जयकारों के साथ उनका अभिवादन किया. उनकी गाड़ी के आसपास उत्साहित समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा.

मोकामा में भव्य रोड शो की तैयारी

रिहाई के बाद अनंत सिंह ने घोषणा की कि वे गुरुवार, 7 अगस्त को सबसे पहले अपने चुनावी क्षेत्र मोकामा का दौरा करेंगे. उनके सहयोगियों ने बताया कि वे सुबह 9 बजे पटना से मोकामा के लिए रवाना होंगे. मोकामा विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य रोड शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अनंत सिंह रास्ते भर जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए आगे बढ़ेंगे. इस रोड शो को लेकर उनके समर्थकों में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.

क्या है मोकामा शूटआउट केस?

यह मामला 22 जनवरी 2025 को बाढ़ के पचमहला इलाके में हुई एक हिंसक घटना से जुड़ा है. मुकेश सिंह नामक शख्स, जिस पर 68 लाख रुपये के गबन का आरोप था, ने अनंत सिंह से मदद मांगी. आरोप है कि सोनू और मोनू नाम के दो व्यक्तियों ने मुकेश के घर पर ताला जड़ दिया था. इसके बाद अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ताला तुड़वाया. इसके परिणामस्वरूप नौरंगा गांव में दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.