MUZAFFARPUR

निगरानी की गिरफ्त में आई बिहार की घूसखोर महिला दारोगा, चौकीदार भी हुआ अरेस्ट; 20 हजार रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए

खगड़िया: खगड़िया जिले के नगर थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सब इंस्पेक्टर सीमा कुमारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में एक चौकीदार वीरू पासवान को भी गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, बेगूसराय निवासी अनिल कुमार शाह ने निगरानी से शिकायत दी थी कि दारोगा सीमा कुमारी केस निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रही हैं। शिकायत की पुष्टि के लिए निगरानी टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही दारोगा रिश्वत के पैसे ले रही थी, टीम ने धावा बोल दिया और उसे रंगेहाथ धर दबोचा।

सबसे पहले चौकीदार वीरू पासवान को पकड़ा गया और उसके बाद महिला हेल्पलाइन में तैनात सब इंस्पेक्टर सीमा कुमारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को निगरानी विभाग की टीम पूछताछ के लिए पटना ले गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस महकमा चुप्पी साधे हुए है।

बता दें कि बिहार में भ्रष्ट पुलिसकर्मियों के खिलाफ निगरानी विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। हाल ही में समस्तीपुर जिले में भी एक महिला दारोगा और उसके ड्राइवर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में भी 20 हजार रुपये की रिश्वत ली जा रही थी। इसके अलावा, हाल के महीनों में कई अन्य अफसरों और कर्मियों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.