MUZAFFARPUR

पूर्व मंत्री बीमा भारती की बेटी ने थानेदार पर लगाए गंभीर आरोप, SP से की कार्रवाई की मांग

बिहार : बिहार सरकार की पूर्व मंत्री और रूपौली से पांच बार विधायक रह चुकीं बीमा भारती की बेटी तथा जिला परिषद सदस्य रानी कुमारी उर्फ रानी भारती ने भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पर अमर्यादित और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। इस संबंध में रानी भारती ने शुक्रवार को पूर्णिया एसपी से निष्पक्ष जांच और थानाध्यक्ष के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

रानी भारती ने अपने आवेदन में कहा कि वह 27 जुलाई की शाम को अपनी एक व्यक्तिगत समस्या लेकर भवानीपुर थाना पहुंची थीं। इस दौरान उनकी मां बीमा भारती भी उनके साथ उपस्थित थीं। रानी का आरोप है कि थाने में थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने उनके साथ सार्वजनिक रूप से अत्यंत अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया, जिससे उन्हें गंभीर मानसिक आघात पहुंचा और उनके आत्म-सम्मान को ठेस लगी।

रानी भारती ने कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार केवल प्रशासनिक मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं है, बल्कि इससे समाज में पुलिस की नकारात्मक छवि भी बनती है। उन्होंने एसपी से अनुरोध किया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.