MUZAFFARPUR

बिहार के तीन शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई, 2014 से लेकर आजतक की राशि वसूलने की तैयारी

भागलपुर: बिहार के भागलपुर में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के गोराडीह प्रखंड के अगरपुर पंचायत की शिक्षा समिति ने तीन शिक्षकों को सेवा मुक्त कर दिया है. इसको लेकर मुखिया और पंचायत सचित ने संयुक्त हस्ताक्षर से कार्यालय आदेश जारी किया है.

तीन फर्जी शिक्षक सेवा मुक्त

आदेश में कहा गया है कि इस आशय का पत्र जिला शिक्षा विभाग की डीपीओ स्थापना के द्वारा 29 सितंबर 2024 को मिला था. इस आलोक में ही 31 जुलाई 2025 को शिक्षा समिति की बैठक हुई, जिसमें शिक्षकों को सेवा मुक्त कर दिया गया.

इनपर गिरी गाज

इसमें प्राथमिक विद्यालय गोहारियो की शिक्षक बबीता कुमारी एवं नित्यानंद सिंह और प्राथमिक विद्यालय धूरिया के शिक्षक चंद्रजीत कुमार शामिल हैं. तीनों शिक्षकों के ऊपर मुकदमा भी दर्ज होगा. इसे लेकर डीपीओ स्थापना द्वारा नियोजन इकाई ग्राम पंचायत अगरपुर के पंचायत सचिव को पिछले साल पत्र भेजा गया था.

फर्जी निकले तीनों शिक्षक

उसके 10 माह के बाद ग्राम पंचायत अगरपुर में बैठक करते हुए शिक्षकों को सेवा मुक्त कर दिया है. दरअसल गोराडीह की ही रहने वाली कोमल कुमारी द्वारा तीनों फर्जी शिक्षकों के विरुद्ध परिवाद दायर किया गया था. उसके बाद जिला पदाधिकारी द्वारा इसकी जांच एडीएम आपदा प्रबंधन द्वारा कराया गया था, जिस जांच में आरोपी तीनों शिक्षक फर्जी पाए गये थे.

राशि वसूली के लिए होगा केस

उसके बाद कार्रवाई के लिए नियोजन इकाई को पत्र भेजा गया था. तत्कालीन डीपीओ स्थापना देवनारायण पंडित ने तीनों फर्जी पंचायत शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से सेवा मुक्त कर इन पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था. अब इन तीनों शिक्षक से 15 दिसंबर 2014 से अब तक ली गई संपूर्ण राशि की वसूली के लिए सर्टिफिकेट केस दर्ज होगा.

डीपीओ स्थापना ने क्या कहा?

डीपीओ स्थापना बबीता कुमारी ने बताया कि मामला मेरे आने से पहले का है. पूर्व में यहां जो डीपीओ थे, उन्होंने पंचायत को तीनों शिक्षक के फर्जी होने को लेकर लेटर सचिव को भेजा था. सचिव से कार्रवाई करने के लिए कहा था.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.