MUZAFFARPUR

‘अभी तुम बच्चा हो..’ बिहार विधानसभा में तेजस्वी पर भड़के नीतीश कुमार, खूब हुई नोंकझोंक

पटना: मानसून सत्र के तीसरे दिन बिहार विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्ष का हंगामा जारी रहा. इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी नोकझोंक हुई.

तेजस्वी यादव ने SIR का मुद्दा सदन में उठाया और पूरा विपक्ष हंगामा करने लगा. इसपर नीतीश भड़क गए और तेजस्वी को लालू-राबड़ी के शासन की याद दिला दी.

तेजस्वी ने SIR को लेकर उठाया सवाल

तेजस्वी यादव ने सदन में कहा कि लालू जी कहते हैं छोट का राज मतलब वोट का राज. तेजस्वी यादव ने कहा हम SIR का विरोध नहीं कर रहे हैं. हम चुनाव आयोग की प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. चुनाव आयोग सामने नहीं आ रहा है, सूत्र से खबर चलाई जा रही है. 2003 में जब विशेष पुनरीक्षण किया गया था तब अटल जी की सरकार थी. 1 से 2 साल समय लगा था.

तेजस्वी पर भड़के नीतीश

वहीं विपक्ष के हंगामे के बीच नीतीश कुमार भड़क गए. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खड़ा होकर कहा कि तुम्हारे (तेजस्वी यादव) पिताजी 7 साल मुख्यमंत्री रहे और फिर तुम्हारी माताजी मुख्यमंत्री रहे, क्या स्थिति था बिहार का.

मुख्यमंत्री ने कहा आज जो बोला जा रहा है, उसका क्या मतलब है. विधानसभा सत्र का आज तीसरा दिन है, अब दो ही दिन बचा है. आज ये सब बात उठाने का क्या मतलब है.

विधानसभा में तनातनी

इस पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने टोकते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष बिहार की जनता को बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने विजय सिन्हा की तरफ उंगली दिखाकर गुंडई शब्द का प्रयोग किया था. इसपर विजय सिन्हा ने विरोध किया. विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने भाई वीरेंद्र से खेद प्रकट करने के लिए कहा.

नीतीश ने सम्राट और विजय को बुलाया

विजय सिन्हा के खड़ा होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन मैं चलाऊंगा आप नहीं. लगातार हंगामे के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने 2:00 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.

वहीं नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को अपने कक्ष मे बुलाया. विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से मंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव मिलने पहुंचे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.