पटना के पारस अस्पताल में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी मची हुई है। इस हत्याकांड को लेकर अब सियासत भी शुरू हो गई है। राजद और कांग्रेस ने इस घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार की कानून व्यवस्था पर तंज कसा है।

इस बीच कांग्रेस नेता और पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव जब पारस अस्पताल पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। पप्पू यादव पटना के पारस अस्पताल में हुई हत्या के बाद वहां पहुंचे थे और अस्पताल के अंदर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इस दौरान पप्पू यादव और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच हल्की बहस भी हुई। हालांकि, वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पप्पू यादव को अंदर नहीं जाने दिया।

पारस अस्पताल पहुंचे पप्पू यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। यहां कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस बीच पारस अस्पताल में हुई हत्या को लेकर कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि वहां 5 की संख्या में आए अपराधियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। पारस अस्पताल में दिनदहाड़े मर्डर के बाद अब इसपर सियासत भी शुरू हो गई है। राजद नेता और बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को आईसीयू में घुसकर मारी गोली। बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था जी?’

इधर बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है, राजधानी — पटना के पारस हॉस्पिटल में सरेआम गोलीबारी। राज्य में अपराध इतना “स्वस्थ” है कि अब हॉस्पिटल का ही रुख कर लिया। कानून-व्यवस्था बस प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित है।’

पारस अस्पताल में कैदी चंदन मिश्रा का मर्डर
आपको बता दें कि पटना के बेहद ही भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित पारस अस्पताल में सुबह कुछ अपराधी हथियार लेकर घुसे थे। अपराधियों ने यहां अस्पताल के आईसीयू में घुसकर चंदन मिश्रा नाम के एक शख्स की हत्या कर दी। चंदन मिश्रा पेरौल पर बाहर आया था और वो अपना इलाज कराने के लिए अस्पताल में आया था। लेकिन यहां दिनदहाड़े अपराधियों ने उसे गोली मार दी और सभी अपराधी फरार भी हो गए। इस हत्याकांड से इलाके में सनसनी मच गई।







Leave a Reply