मुजफ्फरपुर: गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (26502) पर रविवार को एक बार फिर मेहसी-मोतीपुर रेल सेक्शन में पत्थरबाजी की घटना हुई. रोड़ेबाजी से सी-सिक्स कोच की एक और दो नंबर सीट का शीशा टूट गया.


वंदे भारत पर फिर पथराव
सौभाग्य से घटना के वक्त इन सीटों पर कोई यात्री नहीं था, जिससे कोई घायल नहीं हुआ. टूटे शीशे का मुजफ्फरपुर जंक्शन पर मरम्मत कर लिया गया है. इससे पहले 30 जून को भी मोतीपुर आउटर पर ट्रेन पर हमला हुआ था, जिसमें दो किशोर पकड़े गए थे.

अज्ञात पर मामला दर्ज
अबकी बार घटना की पुष्टि आरपीएफ बापूधाम मोतिहारी के इंस्पेक्टर भरत कुमार ने की है. इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

सीसीटीवी में दिखे 3-4 बच्चे
आरपीएफ सूत्रों के अनुसार, पत्थरबाजी की यह घटना किमी संख्या 116/02 पर महम्मदपुर बलमी गांव के पास हुई. ट्रेन की स्पीड उस वक्त 70 किमी प्रति घंटा से अधिक थी. जांच में जुटी टीम को वंदे भारत एक्सप्रेस के सीसीटीवी फुटेज में तीन से चार बच्चे पत्थर फेंकते हुए दिखाई दिए हैं. उनकी पहचान की जा रही है और जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अभिभावकों पर भी होगी कार्रवाई
आरपीएफ की टीम ने गांव में जन-जागरूकता अभियान चलाया और बताया कि ट्रेनों पर पत्थर फेंकना एक दंडनीय अपराध है. पकड़े जाने पर न सिर्फ बच्चों पर, बल्कि उनके अभिभावकों पर भी कार्रवाई की जाएगी. टीम ने लोगों को रेलवे ट्रैक पार करने, ट्रैक पर सेल्फी लेने और ट्रेन को वैक्यूम करने जैसी असावधानियों से बचने की अपील की.







Leave a Reply