MUZAFFARPUR

बिहार में बाढ़ जैसे हालात, कमला बलान नदी उफनायी, कई गांवों का टूटा संपर्क

दरभंगा : बिहार में धीरे-धेरी बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं. नेपाल में हुई बारिश के कारण कमला बलान नदी अचानक उफना गयी है. दरभंगा के गौड़ाबराम प्रखंड के कई गांवों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय से टूट गया है. हालात ये हो गए हैं कि लोग कमर भर के ऊपर पानी में एक छोर से दूसरे छोर पहुंच रहे हैं.

उफान पर कमला बलान 

नदी में अचानक पानी बढ़ने से निचले इलाकों के खेतों में भी पानी भर गया. जिससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है. कई खेतों में फसलें डूब गयी हैं. लोग आने जाने के लिए भाड़े के नाव का इस्तेमाल कर रहे हैं.

कई गांवों का प्रखंड से संपर्क भंग 

दरअसल, गौड़ाबौराम में कमला बलान नदी के जलस्तर में हुई अचानक वृद्धि से गौड़ाबौराम प्रखंड क्षेत्र के बौराम एवं गोरामानसिंग और आधारपुर पंचायत के विभिन्न गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सीधा सड़क संपर्क भंग हो गया है.

पानी में फसल डूब गये

नदी में अचानक पानी बढ़ जाने से दोनों तटबंध के बीच में बसे चतरा, रही टोल, बौराम मुशहरी, बाथ मंसारा सहित कई गांवों का सड़क संपर्क भंग हो गया है. निचले इलाके के खेतों में पानी भर जाने से मैनेजरा, मूंग सहित अन्य फसल डूब गये हैं.

किसानों को हो रही काफी परेशानी

नदी में फिलहाल सरकारी नाव का परिचालन शुरू नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों को भाड़े के नाव से नदी पार करना पड़ रहा है. इससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है.

पशु के लिए चारा डूब जाने से चारा के लिए किसानों को कोसों दूर जाना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से नदी में नाव चलाने और पशुचारे की मांग की है.

बिहार में मानसून की एंट्री

बता दें कि बिहार में मानसून की एंट्री हो चुकी है. मौसम विभाग ने भारी बारिश के संकेत दिए हैं.

ऐसे में साफ है कि मानसून की मूसलाधार बारिश होने से नदी-तालाबों में पानी और भरेगा. ऐसे में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. लोगों को सतर्क किया गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.