MUZAFFARPUR

खुलेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा वैशाली , बाइक सवार बदमाशों ने की सरेआम हवाई फायरिंग

वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र की सड़कें मंगलवार की देर शाम अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठीं।रेपुरा सराय मुख्य मार्ग, वार्ड संख्या-26 स्थित पोझिया गांव के पास दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम फायरिंग कर इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक बदमाश गोलियों की गूंज के साथ हवा में धूल उड़ाते हुए सराय की दिशा में फरार हो चुके थे।

यह वारदात न सिर्फ आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि पुलिस की चुस्ती पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

घटना की सूचना मिलते ही दारोगा नौशाद आलम और एसआई विकास कुमार ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की घेराबंदी की।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें हवाई फायरिंग की स्पष्ट आवाजें रिकॉर्ड मिली हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक फुटेज से कुछ अहम सुराग मिले हैं, जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी होगी।

बहरहाल, वैशाली की सड़कों पर यूं सरेआम गोली चलना यह साबित करता है कि अपराधियों में कानून का डर खत्म होता जा रहा है।

प्रशासन को यदि अब भी होश नहीं आया, तो अगली गोली किसी निर्दोष को भी चपेट में ले सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.