मुजफ्फरपुर (पारू) : बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री डॉ. राजू कुमार सिंह के निर्देश पर पटना से आई पर्यटन विभाग की एक उच्च स्तरीय टीम ने शनिवार को पारू प्रखंड स्थित ऐतिहासिक श्री राम जानकी शिव मंदिर परिसर और उससे सटे विशाल तालाब का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मंदिर एवं तालाब के समग्र सौंदर्यीकरण कार्य के संभावनाओं को परखने और विस्तृत योजना तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व मंदिर समिति के अध्यक्ष की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री से मुलाकात कर उन्हें एक स्मार-पत्र सौंपा था। इसमें मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की गई थी। प्रमुख मांगों में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण, तालाब के चारों ओर पक्के पैदल पथ की व्यवस्था, वृक्षारोपण, विश्राम हेतु बेंच, वाहन पार्किंग, शौचालय, वाटर फाउंटेन, शीरी घाट, विश्राम गृह आदि का समावेश शामिल था।

प्रतिनिधिमंडल की मांग पर संज्ञान लेते हुए मंत्री डॉ. सिंह ने पर्यटन विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर दिनेश प्रताप सिंह एवं कंसल्टेंट माधव भारद्वाज को स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया। शनिवार को उक्त टीम ने मंदिर परिसर और तालाब का गहन निरीक्षण किया। टीम ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, लोकसंख्या की भागीदारी, धार्मिक महत्व एवं पर्यटक संभावनाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि पारू प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित यह मंदिर और तालाब इस पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यहां की धार्मिक आस्था, श्रद्धालुओं की उपस्थिति और भव्यता को देखते हुए इसे एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।

स्थानीय लोगों में इस निरीक्षण को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से यह स्थल उपेक्षित रहा है, लेकिन अब सरकार की पहल से इसे एक नया जीवन मिलेगा। ग्रामीणों ने मंत्री और विभागीय अधिकारियों का आभार जताया।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य केदार चौधरी, शीतल चौधरी, लखींद्र सहनी, अजय कुमार जायसवाल, नीरज कुमार, भवानी पटेल, दीपक कुमार, राजेश पटेल, अमित कुमार, मनोज पटेल, अखिलेश कुमार, सोनू कुमार समेत कई अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने विभागीय टीम का स्वागत किया और मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु अपना समर्थन और सहयोग देने की बात कही।
विभागीय अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि निरीक्षण रिपोर्ट को शीघ्र पर्यटन विभाग को सौंपा जाएगा और अनुमोदन मिलते ही सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।




Leave a Reply