BIHARMUZAFFARPUR

JDU की कमान संभालेंगे नीतीश कुमार, चौथी बार बनेंगे अध्यक्ष

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं. अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तारीख तक कोई दूसरा उम्मीदवार सामने नहीं आया है. ऐसे में 24 मार्च यानी आज उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है.

नीतीश कुमार का JDU अध्यक्ष बनना तय 

19 मार्च को जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए नीतीश कुमार का नामांकन किया था. 22 मार्च तक नामांकन का अंतिम दिन था. नीतीश कुमार के अलावा किसी और ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं किया.

चौथी बार संभालेंगे जिम्मेदारी 

23 मार्च को नामांकन की जांच की गई थी और आज नामांकन की वापसी का अंतिम दिन है. 27 मार्च को चुनाव की तिथि तय की गई थी, लेकिन केवल नीतीश कुमार का ही नामांकन हुआ है. एक से अधिक नामांकन होता तभी चुनाव कराया जाता. ऐसे में आज नीतीश कुमार विधिवत राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे.

2003 में बनाई थी जेडीयू, 2016 में बने राष्ट्रीय अध्यक्ष 

नीतीश कुमार ने 2003 में जेडीयू नई पार्टी बनाई थी. जेडीयू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जॉर्ज फर्नांडिस को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था. 2006 तक जॉर्ज फर्नांडीज राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे थे, उसके बाद लगातार तीन टर्म तक शरद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था.

जेडीयू गठन के 13 साल बाद नीतीश कुमार 

इसके बाद जब शरद यादव से विवाद हुआ उसके बाद ही नीतीश कुमार ने जेडीयू की राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभाली थी यानी जेडीयू के गठन के 13 साल बाद नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद स्वीकारा था और तब से 7 साल राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं. बीच में आरसीपी सिंह और ललन सिंह को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बनाया.

3 साल के लिए फिर बने राष्ट्रीय अध्यक्ष 

वर्ष 2016 में जब शरद यादव ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ा तब नीतीश कुमार जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष अप्रैल 2016 में पहली बार बने. इसके बाद दोबारा 2019 में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए.

2020 में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद छोड़ा 

लेकिन 2020 में उन्होंने स्वयं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का जिम्मा छोड़ दिया और अपनी जगह उन्होंने आरसीपी सिंह को जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया. 2021 में जब आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री बने, तब नीतीश कुमार ने ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया.

एक बार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष 

लोकसभा चुनाव से पहले वर्ष 2023 के 29 दिसंबर को जब ललन सिंह ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया तो फिर से नीतीश ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली. अब 2029 तक के लिये यानी एक बार फिर से 3 साल के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे.

13 साल लग गए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में 

राजनीतिक विशेषज्ञ कहते हैं कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने में भले ही नीतीश कुमार को 13 साल लग गए, लेकिन जब से जेडीयू का गठन हुआ यानी 2003 से पार्टी की कमान नीतीश कुमार के हाथों में रही. जो भी बड़े फैसले लिए गए वह नीतीश कुमार ने ही लिए और जिसने भी विरोध किया उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.