सीतामढ़ी: बिहार की सियासी फिज़ा में इन दिनों समृद्धि यात्रा का खूब शोर है, मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। सीएम नीतीश कुमार हर रोज एक नए जिले में तरक्की और खुशहाली का पैगाम लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन मुंगेर के सफियाबाद मैदान से जो मंजर सामने आया, उसने इस समृद्धि की असल तस्वीर पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो (जिसकी तस्दीक़ नयूज4नेशन नहीं करता है) में लोग कृषि विभाग के स्टॉल पर ऐसे टूट पड़ते नज़र आ रहे हैं, जैसे बरसों से सब्ज़ियों का दीदार न किया हो। आलू, प्याज़, बैंगन और गाजर, जो महज़ नुमाइश के लिए सजाए गए थे, अचानक गनीमत बन गए और भीड़ उन्हें लूटने में मशगूल हो गई।

दिलचस्प बात ये है कि जब तक सीएम नीतीश का काफिला मौजूद रहा, सब कुछ बड़े सलीके और निज़ाम के साथ चलता रहा। लेकिन जैसे ही भाषण खत्म हुआ और कारवां आगे बढ़ा, समृद्धि भी हवा हो गई। फिर क्या थान कोई कायदा, न कोई कानून बस सब्ज़ियों पर अवाम का हक कायम हो गया।


अब सवाल ये उठता है कि अगर एक सरकारी नुमाइश में रखी सब्ज़ियां भी महफूज़ नहीं रह सकतीं, तो फिर आम अवाम की रोज़मर्रा की ज़रूरतों का क्या हाल होगा? क्या ये वाक़िया महज़ भीड़ की बे-तरतीबी है, या फिर उस सच्चाई की झलक, जिसे आंकड़ों और भाषणों के पर्दे में छुपाया जा रहा है?

फिलहाल सरकार की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है, मगर ये वीडियो समृद्धि यात्रा के दावों पर प्रश्न तो खड़ा कर ही रहा है जहां सब्ज़ियां भी सियासत का आईना दिखा रही हैं।




Comment here