पटना : राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां बुधवार की रात भीषण अगलगी की घटना घटी है। मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवाजी पार्क के पास का है। जानकारी अनुसार कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता के भाई अजय गुप्ता की ‘कस्टम शॉप’ नामक कपड़े की दुकान में रात करीब साढ़े 10 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, वहीं लपटें मकान के दूसरे तल तक पहुंच गईं।

जान बचाने के लिए छतों से कूदे लोग
दुकान के ऊपर स्थित फ्लैट में मकान मालकिन पुष्पा देवी अपने परिवार के साथ रहती हैं। आग फैलने के बाद बिल्डिंग में फंसे 10 से 12 लोगों ने जान बचाने के लिए मकान से सटे दूसरे घर की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
आग बुझाने के लिए कंकड़बाग, लोदीपुर, सचिवालय, फुलवारी और सिटी फायर स्टेशन से कुल 13 दमकल गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक वाहन मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। लोदीपुर फायर स्टेशन के इंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दुकानदार ने लगाया लापरवाही का आरोप
दुकानदार अजय गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद कर अगमकुआं स्थित अपने घर चले गए थे। करीब साढ़े 10 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि आग लगने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। उनका कहना है कि अगर समय पर दमकल की टीम पहुंच जाती तो नुकसान इतना बड़ा नहीं होता। अजय गुप्ता के अनुसार इस हादसे में 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।





Leave a Reply