BIHARMUZAFFARPURPATNASTATE

बिहार पुलिस ने सांसद के कुत्ते को दो दिनों में ढूंढ निकाला

भागलपुर : बिहार के खगड़िया सांसद हैं राजेश वर्मा. सांसद जी का कुत्ता खो गया था. जिसे पुलिस ने दो दिन बाद खोज निकाला है. कुत्ते को सांसद के परिजनों को सौंप दिया गया है. मामला इशाकचक थाना क्षेत्र का है.

सांसद का कुत्ता गुम हुआ

जानकारी के अनुसार, लोजपा (आर) सांसद राजेश वर्मा का कुत्ता उनके खरमनचक स्थित आवास से दो दिन पहले किसी तरह निकल कर भाग गया था. काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला. इस मामले की जानकारी सांसद ने स्थानीय पुलिस को दी.

दो पक्षों के बीच हुआ विवाद

इसके बाद पुलिस ने सांसद के कुत्ते को खोजना शुरू किया. इसी बीच इशाकचक थाना पुलिस को इशाकचक मोहल्ले में एक अज्ञात कुत्ता को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना मिली. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि एक विलायती कुत्ता को रखने के लिए दो पक्ष आपस में भिड़ गया है.

मोहल्ले में आवारा की तरह घूमता हुआ मिला

कुत्ता को लेकर जब पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की पता चला कि कुत्ता मोहल्ले में आवारा की तरह घूमता हुआ मिला है. इस कुत्ता को रखने के लिए दोनों आपस में लड़ रहे हैं. कुत्ते का असली मालिक कौन है, दोनों में से किसी पक्ष को पता नहीं था.

सांसद के परिजनों को लौटाया गया

जिसके बाद पुलिस ने कुत्ता का फोटो लेकर सांसद राजेश वर्मा को भेजा. सांसद ने कुत्ता का सत्यापन किया और उन्होंने कुत्ता को अपना बताया. इसके बाद विवाद कर रहे दोनों पक्ष शांत हो गये और अपने-अपने घर वापस चले गए. इस बीच मोहल्ले से कुत्ता को लेकर पुलिस थाने ले आई. वहीं सांसद के परिजनों को बुलाकर कुत्ता को सौंप दिया.

कौन सा है यह कुत्ता ?

देखने से यह कुत्ता साइबेरियन हस्की नस्ल का प्रतीत हो रहा है. इसकी खासियत यह होती है कि यह दोस्ताना और खुशमिजाज होता है. आम तौर पर एक घरेलू पालतु जानवर के रूप में इसे रखा जाता है. यह एक मध्यम आकार का कुत्ता होता है, जिस्की ऊंचाई 20 से 23.5 इंच के लगभग होती है. इसकी कीमत 60 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक होती है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.