भोजपुर: भोजपुर में आज सियासत और विकास का डबल धमाका देखने को मिल रहा है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी चर्चित समृद्धि यात्रा के तहत आरा पहुंचे हैं। इस दौरे ने पूरे जिले का सियासी पारा चढ़ा दिया है और हर तरफ विकास की गूंज सुनाई दे रही है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा महज औपचारिक नहीं, बल्कि मेगा डेवलपमेंट पैकेज के साथ आया है। करीब 4,300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 721 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन आज एक साथ किया जा रहा है। इनमें 227 नई योजनाओं की आधारशिला रखी जा रही है, जबकि 494 योजनाओं का लोकार्पण कर जनता को सौंपा जा रहा है। इसे लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज है और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इस विकास यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जीरो माइल स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी जायजा लेंगे, जहां निर्माण कार्य की हकीकत को परखेंगे। साथ ही 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास कर स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश देंगे। सूत्रों की मानें तो सीएम योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण कर जमीनी सच्चाई को भी समझने की कोशिश करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री जीरो माइल गोलंबर पहुंचकर जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे। वहीं,बाजार समिति प्रांगण में विकास का मेला सजा है, जहां नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, जीविका मार्ट और दीदी की रसोई का उद्घाटन किया जाएगा। कृषि उत्पादों के स्टॉल भी इस मौके पर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

पूरे कार्यक्रम का सबसे अहम पड़ाव जनसंवाद सभा है, जहां मुख्यमंत्री सीधे जनता से मुखातिब होंगे और विकास के रोडमैप को सामने रखेंगे। इधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आरा शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है और लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

इस दौरे को लेकर सियासी गलियारों में भी हलचल है, क्योंकि समृद्धि यात्रा को आगामी राजनीतिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि यह विकास का मास्टरस्ट्रोक जनता के दिलों पर कितना असर डालता है



Leave a Reply