वैशाली: गोरौल थाना क्षेत्र के लोदीपुर पंचायत के राजखंड गांव में एक महिला ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मी के उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने बताया कि महिला को कर्ज की किस्त चुकाने के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी.

महिला ने की आत्महत्या
मृतक महिला के परिजन के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें से दो बैंक कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. एफएसएल की टीम को बुलाया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. बैंककर्मी की एक बाइक भी जब्त की गई है. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेजा जाएगा.

1 लाख लिया था लोन
मृतक महिला की पहचान राजखण्ड गांव निवासी पवन महतों के 30 वर्षीय पत्नी दुर्गा देवी के रूप में हुई है. मृतक महिला अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं. दुर्गा देवी ने माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस बैंक से एक लाख रुपये का कर्ज लिया था.

‘तुम फांसी लगाकर मर जाओ’
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि फाइनेंस कर्मी और समूह की महिलाओं ने दुर्गा देवी से कहा था, तुम फांसी लगाकर मर जाओ, सारे रुपए माफ कर दिए जाएंगे. परिजनों ने यह भी बताया कि इससे पहले उनका मोबाइल छीन लिया गया था और घर का कुछ सामान भी ले जाया गया था.
फाइनेंस कर्मी का बयान
ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए फाइनेंस कर्मी अरविंद कुमार ने बताया कि सुबह ब्रांच मैनेजर महिला के घर आई थीं. हालांकि, उसने बातचीत की जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि उसे यहां बुलाया गया था और उसकी पिटाई की गई है.
महिला के भाई का बयान
मृतका के भाई शिवम कुमार ने आरोप लगाया की बहन ने एक लाख रुपए माइक्रो क्रेडिट फाइनेंस कैशपा से लोन ली थी. समूह का किस्त जमा करने के लिए सुबह से ही बैंक के कर्मी और समूह की महिलाएं टॉर्चर कर रही थी. पैसा जमा करने के लिए प्रेशर डाला जा रहा था.
गांव में सन्नाटा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद गांव घर में सन्नाटा पसर गया है.

आत्महत्या समाधान नहीं
आत्महत्या समस्या का समाधान नहीं है. अगर किसी समस्या से आप परेशान हैं और इस तरह का ख्याल आता है तो अपने दोस्त या रिश्तेदार या फिर किसी शुभचिंतक से बात करें. उनको अपनी मन:स्थिति के बारे में बताएं और मदद मांगे. इससे भी समस्या का हल नहीं होता है तो दिए गए इस नंबर पर तुरंत संपर्क करें.



Leave a Reply