BIHARSTATE

वंदे भारत ट्रेन पर फिर चले पत्थर, गोरखपुर-पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस पर हमले में अज्ञात पर FIR; जांच में RPF जुटी

बिहार : बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर फिर पत्थर से हमला किया गया है। मुजफ्फरपुर और मोतीपुर के बीच 26501 गोरखपुर-पाटलिपुत्रा एक्सप्रेट को बदमाशों ने निशाना बनाया। मुजफ्फरपुर-गोरखपुर रेलखंड पर हुई वारदात की रिपोर्ट बापूधाम मोतिहारी आरपीएफ में दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए बदमाशों की पहचान में जुट गई है। मोतिहारी आरपीएफ इंस्पेक्टर भरत प्रसाद ने मामले की पुष्टि करते हुए गहन जांच शुरू हो जाने की जानकारी दी है।

इंस्पेक्टर भरत प्रसाद ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात स्कॉर्ट पार्टी, गार्ड एवं ट्रेन मैनेजर से घटना की जानकारी मिली। स्कॉर्ट पार्टी की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। इसके लिए एक टीम को गोरखपुर भेजा गया है। बदमाशों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि कांटी और मोतीपुर के बीच किसी स्थान पर ट्रेन पर पत्थर से वार किया गया।

वंदे भारत ट्रेन पर पत्थरबाजी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी रूट पर वंदे भारत ट्रेन बदमाशों का निशाना बनी। पत्थर के प्रहार से बॉगी के शीशे टूट गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया। गुरुवार की घटना के बारे में बताया जा रहा है कि शाम को ट्रेन मुजफ्फरपुर से निकली रास्ते में कांटी स्टेशन के आस पास एक सुनसान इलाके में ट्रेन पर पत्थरों की बौछाड़ होने लगी।

एक पत्थर कोच सी-5 की खिड़की पर लग गई जिससे सिक्योरिटी कांच टूट गया। ट्रेन के भीतर अफरा तफरी मच गई। पत्थर से बचने के लिए यात्र सीटों के नीचे छिपने लगे। बच्चों को भी सीट से उतार कर नीचे सुला दिया गया। हालांकि पत्थरबाजी ज्यादा देर तक नहीं की गई।

घटना की सूचना मिलने पर टीटीई, आरपीएफ स्कॉर्ट पार्टी के जवान कोच में पहुंचे और यात्रियों को समझा बुझाकर उन्हें स्थित कराया। मोतिहारी पहुंचने पर टेक्निकल टीम ने प्रभावित कोच का जायजा लिया। यात्रियों से घटना के बारे में जानकारी ली गई और साक्ष्यों का संकलन भी किया गया। आरपीएफ की टीम ने जायजा लिया। छानबीन के बाद ट्रेन को गोरखपुर के लिए रवाना कर दिया गया। इंस्पेक्टर भरत प्रसाद ने कहा कि जल्द ही बदमाशों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। यात्रियों ने भी हाई स्पीड प्रीमियम ट्रेनों को निशाना बनाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.