BIHARSTATE

‘लगता है सम्राट चौधरी ही लेंगे नीतीश कुमार की जगह’, CM पद के लिए जीतनराम मांझी ने लगाई अपनी मुहर

पटना: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? जब से नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद के रूप में दिल्ली की राजनीति में लौटने का ऐलान किया है, तब से इसको लेकर चर्चा तेज है. तमाम अटकलों के बीच सम्राट चौधरी का नाम रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है. नीतीश कुमार भी लगातार ऐसे ही संकेत दे रहे हैं. इस बीच हम संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी उनको लेकर बड़ा बयान दिया है.

मांझी ने सम्राट के नाम पर लगाई अपनी मुहर

पटना में इफ्तार पार्टी के दौरान जीतनराम मांझी से पूछा गया कि क्या सम्राट चौधरी ही मुख्यमंत्री बनेंगे तो उनका कहना था कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस तरीके का इशारा कर रहे हैं तो मैं समझता हूं सम्राट चौधरी ही सीएम बनेंगे. मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार के मन में जो बात होती है, वह करते हैं. उन्होंने कहा कि मैं भी मानता हूं कि सम्राट चौधरी ही नीतीश कुमार के ऐच्छिक व्यक्ति हो सकते हैं.

निशांत पर क्या बोले?

वहीं, निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनाए जाने को लेकर कहा कि अभी नए-नए राजनीति में आए हैं. वह सहनशील हैं, हमको लगता है अगर जिम्मेदारी मिलेगी तो उसका निर्वहन बखूबी ठीक ढंग से करेंगे.

मांझी के आवास पर दावत-ए-इफ्तार

ईद के पहले आज केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के आवास पर दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू नेता निशांत भी शरीक हुए.

सम्राट के नाम की चर्चा क्यों?

कोइरी (कुशवाहा) जाति से आने वाले सम्राट चौधरी बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. फिलहाल डिप्टी सीएम के साथ गृहमंत्री भी हैं. समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार भी लगातार ऐसे इशारे दे रहे हैं, जिससे लगता है कि वे अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.