मुजफ्फरपुर: हिंदू धर्म के प्रमुख पर्वों में शामिल चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ आज से हो गया है। इस नवरात्र को वासंतिक नवरात्र भी कहा जाता है। मान्यता है कि यह नवरात्रि शारदीय नवरात्र से भी अधिक महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि इस दौरान प्रकृति अपने सबसे सुंदर और जीवंत स्वरूप में होती है।

बिहार के मुजफ्फरपुर में नवरात्रि को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आज कलश स्थापना के साथ ही पर्व की शुरुआत हो गई है। जिले के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्त “जय माता दी” के जयकारों के साथ मंदिरों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

शहर के ब्रह्मपुरा स्थित देवी दुर्गा मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं के साथ माता के दर्शन और पूजन के लिए पहुंच रहे हैं और पूरे श्रद्धा भाव से आराधना में लीन हैं।


ब्रह्मपुरा दुर्गा मंदिर के पुजारी ने बताया कि चैत्र नवरात्रि का विशेष महत्व है। इस समय प्रकृति में नवजीवन का संचार होता है, जो समस्त जीव-जंतुओं और मानव जीवन के लिए कल्याणकारी माना जाता है। उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से माता की आराधना करता है, वह कभी खाली हाथ नहीं लौटता।





Leave a Reply