समाज में हर संपन्न परिवार की चाहत होती है कि दामाद कोई सरकारी अफसर मिले। इस चाहत में ठगों के हाथों लाखों रुपये गंवाने के मामले भी सामने आ रहे हैं। लोगों की चाहत का फायदा उठाकर ठग अपने जाल में फंसा रहे हैं। पिछले छह महीने में गोरखपुर में कम से कम ऐसे तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें लड़की की शादी के लिए अफसर लड़का खोज रहे तीन परिवारों से ठगी हो गई। एक ताजा मामले में शहर के एक परिवार को बिहार में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) पद के दामाद का सपना दिखाकर ठगों ने बड़ी रकम ऐंठ ली।

गोरखपुर शहर के एक पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक आदमी ने खुद को एक पदाधिकारी का रिश्तेदार बताकर उनलोगों से संपर्क किया। उसने बताया कि उसका परिचित एक परिवार का एक लड़का बिहार में एसडीएम पद पर कार्यरत है और परिवार अपने बेटे के लिए अच्छे परिवार की एक लड़की की तलाश में है। बातचीत के दौरान उसने कथित अफसर युवक की फोटो, पहचान से जुड़े दस्तावेज और कुछ कथित सरकारी कागजात भी दिखाए, जिससे परिवार को विश्वास हो गया कि ये रिश्ता वास्तविक है।

बातचीत आगे बढ़ी और रिश्ता तय करने की बात होने लगी। इसी बीच ठगों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगने शुरू कर दिए। कभी मेडिकल जांच, कभी ट्रांसफर की प्रक्रिया तो कभी शादी की तैयारी के नाम पर रकम मांगी गई। परिवार को भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही शादी की डेट तय कर दी जाएगी।

पीड़ित परिवार ने भरोसा करके कई किस्तों में लाखों रुपये उसे दे दिए। जब मिलने और बातचीत के लिए बुलाया गया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया। तब परिवार को अहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि ठगों ने अफसर की फोटो व पद बताकर उनका भरोसा जीत लिया था। परिवार ने आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस से की है। छह माह में कम से कम ऐसे तीन मामले गोरखपुर शहर में सामने आए हैं।

मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म से करते हैं संपर्क
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में लोग बिना सत्यापन के जल्दबाजी में भरोसा कर लेते हैं, जिसका फायदा ठग उठाते हैं। अधिकारी या सरकारी नौकरी वाले वर का लालच दिखाकर ठगने वाले कई गिरोह सक्रिय हैं, जो सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए परिवारों से संपर्क करते हैं। लोगों को सावधान रहना चाहिए।




Leave a Reply