मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर में स्वर्गीय रघुनाथ पांडेय की 104वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम रघुनाथ पाण्डेय विधि महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के सचिव अमरनाथ पांडेय के स्वागत से हुई, जहां प्राचार्य डॉ. विमल किशोर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद सचिव अमरनाथ पांडेय ने स्वर्गीय रघुनाथ पांडेय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


सचिव के बाद महाविद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर जयंती के उपलक्ष्य में केक काटकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव अमरनाथ पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय रघुनाथ पांडेय का जीवन समाज सेवा और शिक्षा के प्रति पूर्णतः समर्पित रहा। उनके द्वारा स्थापित शैक्षणिक संस्थान आज भी हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा दे रहे हैं।


वहीं प्राचार्य डॉ. विमल किशोर ने कहा कि स्वर्गीय रघुनाथ पांडेय का व्यक्तित्व अत्यंत प्रेरणादायक था। उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का आधार माना और इसी सोच के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

इस अवसर पर प्रोफेसर सुभाष चन्द्र सिंह, प्रोफेसर अंकज कुमार, प्रोफेसर ब्रजेश कुमार, प्रोफेसर नेहा कुमारी, प्रोफेसर सी. के. चंचल, प्रोफेसर रिजवान अहमद एजाजी, प्रोफेसर डॉ. अनीश चन्द्र मिश्रा सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय रघुनाथ पांडेय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




Leave a Reply