BIHARMUZAFFARPURSTATE

नाम ‘अन्नपूर्णा’ और ग्राहकों को बेच रहे फफूंदी वाली मिठाइयां, मोतिहारी के बड़े रेस्टोरेंट में छापेमारी करने पहुंची टीम भी हुई हैरान

मोतिहारी : होली के मद्देनजर आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर जिला प्रशासन का डंडा चला है। प्रभारी सदर एसडीओ अरुण कुमार और डीएसपी प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में शहर के चर्चित ‘अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट’ के ठिकानों पर सघन छापेमारी की गई। इस दौरान कारखाने के भीतर का नजारा देखकर प्रशासनिक टीम भी दंग रह गई।

केमिकल से ‘ताजा’ की जा रही थीं फफूंदी वाली मिठाइयां

कारखाने की जांच के दौरान पाया गया कि वहां गंदगी का अंबार लगा हुआ था। वहां भारी मात्रा में फफूंदी लगी मिठाइयां और बासी पनीर बरामद किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि खराब हो चुकी मिठाइयों में केमिकल डालकर उन्हें फिर से ‘ताजा’ बनाकर बेचने की तैयारी चल रही थी। प्रशासन ने इसे आम लोगों के लिए ‘मीठा जहर’ करार दिया है।

एक कारखाना सील, दूसरे में मिला पुराना मांस

एसडीओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के एक कारखाने को पूरी तरह सील कर दिया है। इसी नाम से संचालित दूसरे रेस्टोरेंट में भी छापेमारी की गई, जहां फ्रीज में रखा पुराना चिकन बरामद हुआ। टीम ने संदिग्ध खाद्य सामग्रियों के कई सैंपल जब्त किए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

पुरानी गलतियों से नहीं सीखा सबक

प्रभारी एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि इस रेस्टोरेंट में पहले भी कई कमियां पाई गई थीं और सुधार के निर्देश दिए गए थे। चूंकि बार-बार चेतावनी के बावजूद गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ, इसलिए इस बार सख्त कदम उठाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि होली तक यह अभियान पूरे जिले में जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.