BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में 4 SDPO बने एएसपी, 4 अधिकारियों का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट

पटना : राज्य सरकार ने चार वरीय पुलिस उपाधीक्षकों (SDPO) को पदोन्नत करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) बनाया है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है. जारी आदेश के अनुसार पद ग्रहण करने की तिथि से सभी अधिकारियों को अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर निर्धारित वेतनमान और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

किन्हें मिला है प्रमोशन?

जिन अधिकारियों को प्रोन्नति मिली है, उनमें पटना के लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 कृष्ण मुरारी प्रसाद, संजीत कुमार प्रभात, राजकुमार शाह और सुमित कुमार शामिल हैं. प्रमोशन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई.

2013 बैच के अधिकारी हैं कृष्ण मुरारी प्रसाद

लॉ एंड ऑर्डर SDPO-1 के रूप में कार्यरत कृष्ण मुरारी प्रसाद वर्ष 2013 बैच के पदाधिकारी हैं. इससे पहले वे नालंदा जिले में पदस्थापित थे. पिछले दो वर्षों से वे पटना में लॉ एंड ऑर्डर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके कार्यकाल के दौरान राजधानी में विधि-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका रही है.

SSP ने पहनाया अशोक स्तंभ का बैच

प्रमोशन के बाद शनिवार को कृष्ण मुरारी प्रसाद और संजीत कुमार प्रभात पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के कार्यालय पहुंचे. इस मौके पर SSP ने दोनों अधिकारियों को अशोक स्तंभ का बैच पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उन्हें बधाई दी. कोतवाली थानेदार अजय कुमार, बमबम कुमार और अरविंद कुमार निराला मिठाई और बुके लेकर शुभकामनाएं देने पहुंचे. इसके बाद बधाई देने वालों का तांता लगा रहा.

चार पुलिस पदाधिकारियों का तबादला

इधर, पटना जिले में तैनात चार पुलिस पदाधिकारियों का तबादला भी किया गया है. SSP कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार फतुहा थानेदार इंस्पेक्टर सदानंद शाह को लाइन क्लोज कर दिया गया है. उनकी जगह इंस्पेक्टर कुमार रौशन को फतुहा का नया थानेदार बनाया गया है. वहीं सब इंस्पेक्टर कमलेश राज को सुलतानगंज थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा सब इंस्पेक्टर रवि कांत को गुलजारबाग टीओपी का प्रभारी नियुक्त किया गया है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.