खगड़िया: महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव पिछले दो दिनों से धुआंधार चुनाव प्रचार कर रहे हैं. हालांकि आज उनको खगड़िया में रैली की इजाजत नहीं मिली. संसारपुर खेल मैदान में उनकी सभा प्रस्तावित थी, इसके लिए अनुमति मांगी गई थी लेकिन प्रशासन ने आवेदन को अस्वीकृत कर दिया. जिस वजह से नेता प्रतिपक्ष का कार्यक्रम नहीं हो पाया. इसको लेकर आरजेडी गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है.

तेजस्वी यादव की सभा को अनुमति नहीं मिली
असल में खगड़िया शहर के जेएनकेटी के मैदान में गृहमंत्री अमित शाह की सभा तय थी. वहीं संसारपुर खेल मैदान में तेजस्वी यादव का कार्यक्रम होना था लेकिन प्रशासन ने बीती देर रात खगड़िया सदर के कांग्रेस उम्मीदवार चंदन यादव को इस बात की जानकारी दी कि आपके आवेदन को अस्वीकृत कर दिया गया है. पत्र में प्रशासन ने केंद्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम को कारण बताया है.

प्रशासन ने क्या बोला?
इस पत्र में यह बताया गया है कि अमित शाह का कार्यक्रम पहले से ही निर्धारित था, जिसको लेकर प्रशासनिक दृष्टिकोण से तेजस्वी यादव के कार्यक्रम को रद्द किया जा रहा है. प्रशासन के इस फैसले को खगड़िया सदर से कांग्रेस उम्मीदवार चंदन यादव ने तानाशाही और संविधान के साथ खिलवाड़ करार दिया है.

गोगरी में तेजस्वी का कार्यक्रम
खगड़िया शहर के संसारपुर खेल मैदान में भले ही रैली की अनुमति नहीं मिली लेकिन तेजस्वी यादव ने जिले में दो जगहों पर जाकर चुनावी सभा को संबोधित किया. गोगरी में सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने कहा कि अमित शाह कह रहे थे कि बिहार में जमीन नहीं है, इसलिए यहां उद्योग नहीं लग सकता तो वोट मांगने क्यों आते हैं?

संजीव सिंह के लिए मांगा वोट
तेजस्वी यादव ने परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार के लिए लोगों से वोट की अपील करते हुए कहा कि वह एक ऐसे इंसान हैं, जिन्होंने परबत्ता के स्वाभिमान को झुकने नहीं दिया है. जिन्होंने विधानसभा में लगातार सरकार के विरोध में भी जाकर परबत्ता विधानसभा के विकास की बात की है. इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने संजीव कुमार को टिकट दिया है. अब आपकी जिम्मेदारी है कि इन्हें भारी मतों से जीत दिलाएं.

अलौली में भी किया प्रचार
तेजस्वी यादव ने अलौली में आरजेडी उम्मीदवार रामवृक्ष सदा के लिए भी लोगों से वोट मांगा. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर आपको नया बिहार बनाना है तो खगड़िया की चारों सीटों पर आपको महागठबंधन के उम्मीदवारों को जिताना होगा, तभी एक नया बिहार और भ्रष्टाचार मुक्त बिहार बन सकता है.


Leave a Reply