पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग का मामला अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है. दिल्ली में एनडीए के सभी प्रमुख नेता जुट चुके हैं, और आज देर शाम तक सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा होने की संभावना है. गठबंधन के पांच घटक दलों के बीच गहन चर्चा के बाद सहमति बनती दिख रही है.

चिराग पासवान को लेकर सुलझा विवाद
सीट शेयरिंग को लेकर चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के साथ कुछ असमंजस की स्थिति थी, लेकिन सूत्रों के अनुसार, बातचीत के जरिए इस मुद्दे को सुलझा लिया गया है. गठबंधन के सभी घटक दल अब एकजुट होकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

एनडीए नेताओं का दिल्ली में जमावड़ा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर आज एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है, जिसमें सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा. बिहार के प्रमुख नेता, जिनमें चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, और उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं, दिल्ली पहुंच चुके हैं. जदयू की ओर से ललन सिंह और संजय झा भी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली में मौजूद हैं.

जदयू निभाएगी बड़े भाई की भूमिका
सूत्रों के अनुसार, सीट बंटवारे की रूपरेखा लगभग स्पष्ट हो चुकी है. जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को 102 सीटें, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 101 सीटें, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 25 सीटें, हम पार्टी को 10 सीटें, और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को 5 सीटें मिलने की संभावना है.

राजनीतिक विश्लेषकों की राय
राजनीतिक विश्लेषक डॉ. संजय कुमार का कहना है कि सीट शेयरिंग का मसला अब अंतिम दौर में है. चिराग पासवान को लेकर कुछ संशय था, लेकिन अब सहमति बन चुकी है. जदयू गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगी, और भाजपा अपने सहयोगी दलों के लिए कुछ त्याग करने को तैयार है.

आज शाम तक स्थिति होगी स्पष्ट
एनडीए की ओर से आज देर शाम तक सीट बंटवारे की आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है. बिहार विधानसभा चुनाव के लिए यह घोषणा गठबंधन की रणनीति और एकजुटता को और मजबूत करेगी. सभी की निगाहें अब दिल्ली में होने वाली इस महत्वपूर्ण घोषणा पर टिकी है.


Leave a Reply