BIHARPATNASTATE

‘आंख पर पट्टी..105 किमी की कांवड़ यात्रा’, अहमदाबाद प्लेन क्रैश से आहत होकर देश की सुरक्षा के लिए मांगी मन्नत

भागलपुर: अहमदाबाद प्लेन क्रैश और केदारनाथ में भी हेलीकॉप्टर हादसा से आहत होकर बिहार के विनोद अग्रवाल ने भगवान से देश की सुरक्षा की मांग की. देश सुरक्षित रहे इसलिए आंखों पर पट्टी बांध सुल्तानगंज से करीब 105 किलोमीटर दूर देवघर जा रहे हैं. विनोद अग्रवाल बताते हैं कि देवघर पहुंचने के बाद ही वे आंखों से पट्टी खोलेंगे और भगवान का दर्शन करेंगे.

आंख पर पट्टी बांधकर निकले कांवड़िया

झारखंड पलामू के विनोद अग्रवाल, खगड़िया के सुधांशु कुमार, दरभंगा के महेंद्र प्रजापति और सिवान के राजेंद्र यादव आंखों में पट्टी बांधकर सुल्तानगंज से गंगाजल भरकर पैदल बाबा बैद्यनाथ के धाम देवघर जा रहे हैं.

बिहार की उन्नति के लिए पैदल यात्रा

सिवान के कांवड़िया राजेंद्र यादव ने बताया कि बिहार की तरक्की और बिहार में शांति के लिए आंखों में पट्टी बांधकर पैदल यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव जरूर मेरी मनोकामना पूर्ण करेंगे.

महादेव से बारिश की गुहार

अन्य कांवड़िया ने बताया कि मेरे इलाके में बारिश नहीं हो रही है. जिससे सूखे की स्थिति बनी हुई है, इसलिए मैं महादेव के पास जा रहा हूं. उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा जरूर बरसेगी और मेरे इलाके में बारिश होगी.

क्या बोले कांवड़िया?

कांवड़िया महेंद्र प्रजापति ने बताया कि मैंने महादेव से जो अर्जी लगाई थी, तब प्रण किया था कि मन्नत पूरी होने पर आंखों पर पट्टी बांधकर बाबा के दर्शन करने के लिए निकलूंगा. अब वो मन्नत पूरी हो गई है. वहीं, अन्य कांवड़िया ने बताया कि यह संकल्प आसान नहीं था, लेकिन उस संकल्प को उन्होंने लिया है.

12 ज्योतिर्लिंग में से एक है बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग

बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग 12 ज्योतिर्लिंग में से एक है. यह महादेव का 9वां ज्योतिर्लिंग है. इसे कामना लिंग भी कहा जाता है, क्योंकि कहा जाता है कि जो भी भक्त यहां आता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. यहां हर साल श्रावण मेला लगता है. जिसमें देश के अन्य राज्यों से भक्त भारी संख्या में आते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.